जालंधर (ब्यूरो): कर्फ्यु खत्म होते ही अमीरजादों की लेट नाईट पार्टियों का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार आधी रात के समय शहर के प्रतिष्ठित परिवारों के बिगड़ैल लड़कों ने पी.ए.पी. चौक नाका तोड़ गाड़ी भगा दी। बाद में पुलिस ने पीछा कर हवेली के निकट से युवकों को काबू कर लिया। लेकिन युवकों पर कर्फ्यु नियम तोड़ने के आरोप मे कार्रवाई की बजाए सिर्फ चालान और मैडीकल करवा कर ही मामला निबटा दिया।

जानकारी के मुताबिक पंजाब में कर्फ्यु बेशक हटा दिया गया है, लेकिन भारत सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक रात के समय कर्फ्यु जारी है। बीती रात जालंधर में एक बड़ा मामला सामने आया है। बीती रात शहर के प्रतिष्ठित परिवारों से संबंधित बिगड़ैल रईसजादों ने लेट नाईट पार्टी की।

पता चला है कि आधी रात करीब 1 बजे थाना नम्बर 8 के एस.एच.ओ. सुखजीत सिंह द्वारा पी.ए.पी. चौक में स्पैशल नाका लगाया हुआ था। इस दौरान शहर की तरफ से आई दो गाड़ियों को चैकिंग के लिए रूकने का ईशारा किया।लेकिन बिगड़ैल रईसजादों ने पुलिस नाके पर गाड़ी रूकने की बजाए गाड़ी भगा दी। नाका तोड़ भागे युवकों को पकड़ने के लिए इंस्पैक्टर सुखजीत सिंह व उनकी टीम ने गाड़ियों का पीछा किया। पता चला है कि हवेली के निकट से दोनो गाड़ियों को घेर कर पकड़ लिया गया।

दोनो लगज़री गाड़ियों में करीब 7 युवक सवार थे। सभी युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पता चला है कि सभी युवकों ने शराब पी हुई थी। इससे पहले की पुलिस उन्हे लेकर थाना पहुंचती उनकी सिफारिशें शुरू हो गई। पता चला है कि कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारी की सिफारिश पर युवकों पर कर्फ्यु नियम के उल्लंघन की कार्रवाई करने की बजाए सिर्फ चालान काट कर उन्हे छोड़ दिया गया।

बताया जा रहा है कि बिगड़ैल युवक शहर की प्रतिष्ठित परिवारों से संबंध रखते हैं। इसी कारण से अनमोल मेहमी के मामले में सख्त दिखी पुलिस अचानक नर्म पड़ गई।

बता दें कि कुछ दिन पहले माडल टाऊन एरिया में पुलिस ने अनमोल मेहमी पर नाका तोड़ कर भागने के आरोप में हत्या के प्रयास तक का केस दर्ज कर दिया था। उसे जेल भेज दिया। बाद में अनमोल मेहमी को जमानत पर रिहा किया गया। लेकिन इस मामले में पुलिस ने युवकों पर कर्फ्यु नियम तोड़ने के आरोप में कार्रवाई तक नहीं की।