Prabhat Times

चंडीगढ़। (sidhu moosewala murder updates nia investigation) पंजाबी सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के लिए हथियार पाकिस्तान से आए थे।

यह खुलासा नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की जांच में हुआ है।

दुबई में रहने वाले पाकिस्तानी हथियार सप्लायर हामिद ने पाकिस्तान से इन हथियारों की डिलीवरी कराई थी।

मूसेवाला के कत्ल में ऑस्ट्रिया की ग्लोक-30, जिगाना पिस्टल, जर्मन मेड हेकलर एंड कोच, स्टार और AK 47 का इस्तेमाल हुआ था।

NIA ने बुलंदशहर से हवाला कारोबारी शाहबाज अंसारी को 8 दिसंबर 2022 को गिरफ्तार किया था।

शाहबाज अंसारी से पूछताछ में पता चला कि वह लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ का करीबी है।

अंसारी कई बार दुबई और कनाडा गया। जहां वह गोल्डी बराड़ के संपर्क में आया।

इन यात्राओं के दौरान वह फैजी खान के संपर्क में आया, जो एक पाकिस्तानी नागरिक है और दुबई में हवाला का कारोबार करता है।

फैजी ने ही अंसारी को दुबई में पाकिस्तानी नागरिक और हथियार सप्लायर हामिद से मिलवाया था। शाहबाज का पिता कुर्बान अंसारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे बड़ा हथियार सप्लायर था।

इसी बैठक में मूसेवाला को मारने के लिए मांगे हथियार

जांच के मुताबिक, हामिद और शाहबाज अंसारी के बीच एक मीटिंग हुई थी। इसमें सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के लिए हथियार सप्लाई करने पर बात हुई।

मूसेवाला के कत्ल के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने असॉल्ट राइफल और अन्य मॉडर्न हाईटेक हथियारों की मांग की थी।

हामिद ने तब अंसारी को बताया कि वे गोल्डी बराड़ के संपर्क में भी है और उसे कई बार हथियार मुहैया कराए हैं।

NIA के मुताबिक, हामिद ने अंसारी को अपना फोन दिखाया, जिसमें गोल्डी बराड़ को हथियारों की आपूर्ति से संबंधित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग थी।

NIA हामिद के नेटवर्क की जांच में जुटी

NIA हामिद और फैजी खान के अंसारी के साथ हथियारों के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।

चाहे, NIA मूसेवाला की हत्या की सीधे तौर पर जांच नहीं कर रही है, लेकिन उत्तर भारत में गैंगस्टरों व खालिस्तानी समर्थकों के बीच के गठजोड़ को लेकर दर्ज की गई 2 FIR के आधार पर यह पूरा मामला सामने लाया जा रहा है।

मूसेवाला के कत्ल के बाद शार्पशूटर प्रियव्रत फौजी, अंकित सेरसा और कपिल पंडित के साथ दूसरे कातिल कार में हथियार दिखाते हुए डांस करते नजर आए थे। इसका वीडियो शूटर अंकित सेरसा के मोबाइल से मिला था।

सभी ने मिलकर की थी प्लानिंग

मूसेवाला की हत्या की योजना का विवरण देते हुए NIA ने दस्तावेजों में कहा है- सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश के दौरान सभी आरोपी 6 अलग-अलग जेलों में बंद थे।

लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया तिहाड़ जेल, मनप्रीत उर्फ मन्ना फिरोजपुर, सारज सिंह उर्फ मिंटू स्पेशल जेल बठिंडा में और मनमोहन सिंह उर्फ मोहना मनसा जेल में था।

सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ विदेश में रहकर भी इनके संपर्क में था। जेल के सहयोगियों के साथ चर्चा करने के बाद आखिरकार शूटरों को मूसेवाला को मारने का काम सौंपा गया।

गोल्डी को हवाला के रास्ते भेजे गए तकरीबन 60 लाख

बीते दिनों रिमांड के दौरान बिश्नोई ने NIA को बताया कि बराड़ ने मूसेवाला को मारने के लिए 6 शूटर भेजे थे। गोल्डी बराड़ ने शूटरों के ठहरने और गाड़ियों का प्रबंध किया।

उसके अलावा मूसेवाला की रेकी में मदद की। तब कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ को हवाला के जरिए लगभग 60 लाख रुपए भी भेजे गए थे।

जिनका इस्तेमाल हथियार खरीद और शूटरों को हायर करने में किया गया।

मूसेवाला का कत्ल करने वाले शार्पशूटर जगरूप रूपा और मन्नू कुसा का अमृतसर के अटारी में एनकाउंटर कर दिया गया था।

जिसके बाद पुलिस को वहां से ये AK47 बरामद हुई थी। इससे भी मूसेवाला को गोलियां मारी गई थीं।

खालिस्तानी लिंक भी आ रहा सामने

NIA को मूसेवाला की हत्या का खालिस्तानी लिंक भी मिला है।

इसमें कहा गया है कि कनाडा में स्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के प्रतिबंधित नेता लखबीर सिंह लंडा गोल्डी बराड़ के साथ संपर्क में रहता था।

इसलिए उसकी भूमिका भी मूसेवाला के कत्ल में हो सकती है। इसके बाद NIA भी अब खालिस्तानी एंगल के साथ भी जांच में जुट गई है।

29 मई को की गई थी मूसेवाला की हत्या

पिछले साल 29 मई को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में छह शूटरों ने AK47 और विदेशी पिस्टल से मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मूसेवाला उस वक्त थार जीप में 2 दोस्तों के साथ जा रहे थे। उनके साथ कोई गनमैन नहीं था।

इससे एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने उनके 4 में से 2 गनमैन वापस ले लिए थे।

बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गोल्डी बराड़ ने कत्ल की जिम्मेदारी ली।

गोल्डी ने कहा कि लॉरेंस के कॉलेज फ्रेंड विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में मूसेवाला और उसके मैनेजर शगनप्रीत का हाथ था।

मूसेवाला पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इसलिए बदला लेने के लिए उन्होंने मूसेवाला को मार डाला। इस केस में पुलिस चार्जशीट पेश कर चुकी है।

 

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

खबर ये भी हैं…


Subscribe YouTube Channel

Prabhat Times

Click to Join Prabhat Times FB Page

https://www.facebook.com/Prabhattimes14/

Join Telegram

https://t.me/prabhattimes1