



Prabhat Times
पटियाला। अंबाला से अमृतसर रेल फ्रंट कॉरिडोर लाइन पर सोमवार रात को IED धमाका हुआ। यह घटना रात करीब साढ़े 8 बजे रेलवे स्टेशन राजपुरा-शंभू के नजदीक हुई।
सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ, पंजाब पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, कुछ समय पहले ही रेल लाइनों पर सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी, जिसे पुलिस ने हल्के में लिया और कोई जांच नहीं हुई। इसके बाद यह घटना हुई है।
घटनास्थल के पास एक अज्ञात शव भी बरामद किया गया है, जिसके चिथड़े उड़ गए थे। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शव के अवशेषों के साथ पगड़ी भी मिली है, जिसमें बाल लिपटे हुए थे।
स्थानीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। इसे बड़ी घटना माना जा रहा है, इसलिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी जांच के लिए मौके पर पहुंच रही हैं।
यूपी-हरियाणा नंबर की 2 बाइक बरामद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के पास से 2 मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं, जो यूपी और हरियाणा नंबर की बताई जा रही हैं। पुलिस इनकी पड़ताल करने में जुटी हुई है। जहां घटना हुई है, वह हरियाणा के पास लगता सुनसान इलाका है।
एक सप्ताह पहले मिली थी धमकी
एक सप्ताह पहले ही अज्ञात ईमेल के जरिए पंजाब व हरियाणा में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में बाकायदा 24 अप्रैल को 8:11 मिनट पर अंबाला से लेकर दिल्ली तक रेलवे ट्रैक पर धमाके करने की धमकी दी गई थी।
पंजाब में भी लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर में रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी थी। इस धमकी को रेलवे पुलिस और जांच एजेंसियों ने हल्के में लिया और नतीजन धमकी देने वालों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
चौथे महीने में रेल लाइनों पर दूसरा ब्लास्ट
पंजाब रेल लाइनों पर बम धमाके का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। इससे पहले इसी वर्ष 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया था। इसमें रेल पायलट भी घायल हुआ था।
———————————————————


————————————–





