Prabhat Times

मोहाली। पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदला है। मंगलवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 5.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

इससे चंडीगढ़ पंजाब से भी ठंडा हो गया। अप्रैल के महीने में भी यहां फरवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है।

अब यह सामान्य से 8.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है। इस वजह से ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने आज (8 अप्रैल) भी प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 9 अप्रैल से अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के नारकंडा और कुफरी समेत लाहौल-स्पीति के ऊंचे पहाड़ों पर आज सुबह 6 बजे के बाद बर्फबारी हुई। पूरे प्रदेश में रात भर तेज बारिश होती रही।

कई जगह आंधी भी आई। इसके बाद पहाड़ों पर दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड लौट आई है। मौसम विभाग ने यहां आज भी 5 जिलों में ओलावृष्टि और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पंजाब के 5 जिलों में ओले गिरने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य के 22 जिलों में बारिश का अलर्ट है। हालांकि, इस दौरान 5 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली शामिल हैं।

जबकि अन्य 13 जिलों गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोगा, बठिंडा और बरनाला में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30 से 40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।

1.25 लाख एकड़ फसल हुई प्रभावित

बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर पंजाब सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि कृषि विभाग के 500 से अधिक कर्मचारी नुकसान का जायजा लेने में जुटे हैं। जबकि, 7 प्रभावित जिलों में तैनात टीमों में ग्रुप-ए के 145 अधिकारी भी शामिल हैं।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, गेहूं की फसल के 1.25 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में नुकसान का अनुमान है। साथ ही अधिकारियों को विशेष गिरदावरी के लिए राजस्व विभाग के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस वजह से बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण कैस्पियन सागर से आया पश्चिमी विक्षोभ अब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय है, जिसके साथ ऊपरी हवा में द्रोणी बनी हुई है।

इसके असर से पाकिस्तान के ऊपर एक चक्रवाती सिस्टम बना है और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में भी हल्का चक्रवात बना हुआ है।

इन सभी सिस्टम्स के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदल रहा है और बारिश व तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।

वहीं, बारिश की वजह से सभी जिलों का तापमान 21.7 डिग्री से 28.5 डिग्री के बीच बना हुआ है। हर जगह तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

तापमान 6 डिग्री तक गिरेगा

चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, आज कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। तेज हवाएं चलेंगी और कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

इसके बाद मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले 48 घंटों में दिन का तापमान 4 से 6 डिग्री तक गिर सकता है, इसके बाद धीरे-धीरे 5 से 7 डिग्री तक बढ़ेगा।

हिमाचल के 5 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट

IMD के अनुसार, हिमाचल में अगले 48 घंटे भी ठंड से राहत के आसार नहीं है। आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में भारी ओलावृष्टि व आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अन्य जिलों में यलो अलर्ट है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

कल भी पूरे प्रदेश में खराब रहेगा मौसम

कल भी हिमाचल में मौसम खराब रहने का अनुमान है। 9 अप्रैल के लिए मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में यलो अलर्ट है। 10 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा।

इस दिन अधिक ऊंचे पहाड़ों पर ही हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, 11 व 12 अप्रैल को अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं।

———————————————–

ये भी पढ़ें

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel