Prabhat Times
नई दिल्ली। देश मे Unlock 4.0 में केंद्र ने राज्य सरकारों से कंटेनमैंट ज़ोन को छोड़ कर लॉकडाउन करने की शक्तियां छीन ली हैं। गाईडलाइंस मे स्पष्ट लिखा है कि राज्य सरकारें अपनी मर्जी से लॉकडाउन या वीकैंड लॉकडाउन नहीं लगा सकेंगी।
अनलॉक-4 के दौरान क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा, इस पर आदेश के साथ ही एक अहम फैसला लिया गया है। केंद्र की नई गाइडलाइन में राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों से अपनी मर्जी से लोकल लॉकडाउन लगाए जाने की शक्ति को छीन लिया गया है।
केंद्र के इस फैसले के पश्चात बड़ा सवाल खड़ा हुआ है कि पंजाब में अब नाईट और वीकैंड कर्फ्यु को लेकर अगले निर्देश क्या होंगे।
पता चला है कि सरकार द्वारा केंद्र की गाईडलाइंस को ध्यान में रखते हुए और राज्य में कोविड स्थिति को रिव्यू कर फैसला लिया जा सकता है।
गाइडलाइन में साफ तौर पर इस बात का जिक्र है कि कोई भी राज्य अपने यहां अब केंद्र सरकार से सलाह-मशविरा किए बिना लॉकडाउन नहीं लगा सकेंगे। इस दौरान केवल कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन लगाए जाने की छूट दी गई है।
केंद्र सरकार की ओर से जारी नई गाइडलाइन से साफ हो गया है कि कंटेनमेंट जोन को छोड़कर बाहर के किसी भी इलाके में राज्य अब अपनी मर्जी से लॉकडाउन नहीं लगा सकेंगे।
केंद्र ने बताया कि कोरोना वायरस की कड़ी को तोड़ने के लिए कंटेनमेंट जोन में अगले 30 दिनों तक यानी 30 सितंबर तक लॉकडाउन जारी रहेगा। इस दौरान केवल जरूरी सामान लेने और जरूरी काम पर जाने की ही छूट दी जा सकेगी।
खबर है कि केंद्र सरकार ने जिस तरह से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लॉकडाउन लगाने की शक्ति छीनी है, उसके पीछे बड़ी वजह कारोबार है।
दरअसल कई मैन्युफैक्चरर्स की शिकायत थी कि विभिन्न राज्यों में अलग-अलग समय पर लॉकडाउन लगाए जाने की वजह से उनके माल की निर्बाध आवाजाही में काफी दिक्कत आती है।
लॉकडाउन की शक्ति छीन लिए जाने से केंद्र ने जिस तरह से मेट्रो को शुरू करने का फैसला लिया है, उसका भी लाभ आम जन को मिलेगा।

शनिवार और रविवार को नहीं लगाया जा सकेगा लॉकडाउन

केंद्र सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक, अब उत्तर प्रदेश और असम की तरह अन्य राज्यों में शनिवार और रविवार को लगाया जाने वाला लॉकडाउन भी केंद्र सरकार की अनुमति के बिना नहीं लगाया जा सकेगा।
इसी के साथ कई राज्यों में रात में लॉकडाउन लगाया जाता रहा है। ऐसे में इन्हें लॉकडाउन में ढील देनी होगी।

पंजाब में अब क्या?

पंजाब राज्य में केंद्र की गाइडलाइन आने से पहले ही वीकैंड कर्फ्यु, नाईट कर्फ्यु लगाया गया है। केंद्र सरकार के इस फैसले से अब पंजाब में बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
क्योंकि सारे पंजाब में वीकैंड पर लॉकडाउन नहीं बल्कि कर्फ्यु लगाया गया है। केंद्र सरकार के निर्देशों के पश्चात अब वीकैंड कर्फ्यु, लॉकडाउन को लेकर पंजाब सरकार को भी अपना फैसला बदलना पड़ सकता है।
वैसे भी पंजाब सरकार द्वारा 31 अगस्त तक वीकैंड कर्फ्यु तथा नाईट कर्फ्यु का आदेश दिया गया था। केंद्र के इस फैसले के पश्चात अब पंजाब सरकार जल्द ही इस फैसले पर रिव्यू करेगी।