Prabhat Times

  • दिल्ली के इशारों पर पंजाब की राजनीति करने वालों को दूसरों को बाहरी कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है: पन्नू
  • जाखड़ साहब और भाजपा को इस बात से तकलीफ है कि पंजाब में आम घरों के बेटे-बेटियों की सरकार कैसे बन गई: पन्नू
  • पन्नू ने सुनील जाखड़ की राजनीतिक वफादारी पर सवाल उठाए, कहा- आप उस कांग्रेस पार्टी का हिस्सा नहीं बने जिसने आपको सम्मान दिया, तो पंजाब के क्या सगे होंगे ?
  • किसानों और आढ़तियों के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा झूठ और प्रदर्शनों का सहारा ले रही है: पन्नू

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा अमृतसर धरने के दौरान के दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है।

पन्नू ने कहा कि जाखड़ साहब कह रहे थे कि पंजाब के लोगों को ‘बाहरी लोगों’ को बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।

पन्नू ने जाखड़ से सवाल करते हुए पूछा कि हाल ही में आपके नेता और गृह मंत्री अमित शाह जी के साथ मोगा में रैली करने आए जाखड़ साहब क्या वह कोटकपूरा से आए थे?

जो लोग खुद दिल्ली के इशारे पर पंजाब की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें दूसरों को बाहरी कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

बलतेज पन्नू ने भाजपा और जाखड़ पर हमला बोलते हुए कहा कि आपकी असली समस्या यह है कि आज पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जो साधारण घरों के बेटे-बेटियों की सरकार है।

आप जैसे प्रभावशाली नेता यह पचा नहीं पा रहे हैं कि एक आम आदमी सत्ता की कुर्सी पर बैठकर जनता की सेवा कैसे कर रहा है।

आपने धरने में जो भी जहर उगला है, पंजाब के लोग उसे अच्छी तरह समझते हैं। राज्य के लोग जानते हैं कि असली ‘चिट्टे’ और भ्रष्टाचार के रखवाले कौन रहे हैं।

सुनील जाखड़ की राजनीतिक वफादारी पर सवाल उठाते हुए पन्नू ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने आपको मान-सम्मान दिया, बड़े पदों की जिम्मेदारी सौंपी, जब आप उनके सगे नहीं हो सके, तो आप पंजाब और पंजाबियत के क्या सगे होंगे?

 उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पुरानी पार्टी और विचारधारा के प्रति वफादार नहीं रहा, वह आज पंजाब के हितों की रक्षा करने का दिखावा कर रहा है।

आढ़तियों और किसानों के मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोलते हुए पन्नू ने साफ किया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जानबूझकर आढ़तियों और किसानों के मुद्दे को उलझाया है।

जाखड़ साहब आज केंद्र में अपनी सरकार की नाकामियों और पंजाब विरोधी नीतियों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए झूठ और विरोध का सहारा ले रहे हैं। पंजाब के लोग अब आपके गुमराह करने वाले प्रदर्शनों और झूठे बयानों में आने वाले नहीं हैं।

——————————————————–

ये भी पढ़ें

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel