Prabhat Times

जालंधर। डिप्स नूरमहल में संस्थान की गौरवशाली 25वीं वर्षगांठ अत्यंत उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाई गई।

इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित समारोह में डिप्स समूह की सभी शाखाओं ने भाग लिया और शिक्षा, विज्ञान, नवाचार, संस्कृति तथा पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहाँ हजारों अभिभावकों, गणमान्य अतिथियों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विज्ञान प्रदर्शनी रही, जिसमें विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, सतत ऊर्जा , कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंटसहित अनेक समसामयिक विषयों पर अत्याधुनिक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए।

विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान क्षमता और रचनात्मक दृष्टिकोण ने सभी को प्रभावित किया।

प्रदर्शनी में डिप्स जालंधर ने प्रथम, डिप्स कपूरथला ने द्वितीय तथा डिप्स सुरानुस्सी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सभी विजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा अभिभावकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस अवसर पर डिप्स के एमडी सरदार तरविंदर सिंह, चेयरपर्सन श्रीमती जसविंदर कौर, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती प्रीतिंदर कौर, सीएओ रमनीक सिंह, सीएओ जशन सिंह, सीईओ डॉ. मोनिका मंडोत्रा, डायरेक्टर अकादमिक्स डॉ. रोमिला शर्मा, प्रिंसिपल श्रीमती उषा परमार, प्रिंसिपल राजिंदर नैय्यर, प्रिंसिपल डॉ. रोहिणी मरवाहा, नगर पालिका नूरमहल के प्रधान दीपक कुमार, वाइस प्रधान कुलदीप कुमार तथा नगर पालिका के अन्य सम्मानित अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग वेस्टर्न डांस, संगीत एवं “डिप्स नूरमहल के 25 गौरवशाली वर्षों” पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया।

विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन अत्यंत आत्मविश्वास, प्रभावशाली भाषा और उत्कृष्ट समन्वय के साथ किया, जिसकी उपस्थित सभी लोगों ने भरपूर सराहना की।

समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अत्याधुनिक डिस्कवरी थिएटर रहा, जिसने अपनी विश्वस्तरीय ध्वनि व्यवस्था, विशाल स्क्रीन और आलीशान वातावरण से सभी को लक्ज़री सिनेमा का अनुभव कराया।

सभी अभिभावकों एवं अतिथियों को विशेष आमंत्रण टिकट प्रदान किए गए तथा फिल्म ” होम अलोन” का विशेष प्रदर्शन किया गया।

फिल्म के दौरान पॉपकॉर्न एवं सॉफ्ट ड्रिंक्स भी परोसे गए। इस अनूठी पहल ने अभिभावकों और बच्चों को रोमांचित कर दिया तथा सभी ने इसे डिप्स प्रबंधन की दूरदर्शी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विशाल वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया।

डिप्स प्रबंधन, नगर पालिका के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।

सभी ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का स्वरूप दिया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण मिल सके।

डिप्स प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक दायित्वों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना भी संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।

इस अवसर पर एमडी सरदार तरविंदर सिंह, सीएओ रमनीक सिंह तथा सीएओ जशन सिंह ने डिप्स नूरमहल के अभिभावकों का वर्षों से मिले विश्वास, सहयोग एवं स्नेह के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों का अटूट विश्वास ही डिप्स परिवार की सबसे बड़ी शक्ति है। समारोह के दौरान उन समर्पित स्टाफ सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो पिछले 25 वर्षों से अपनी निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के साथ डिप्स परिवार का अभिन्न हिस्सा बने हुए हैं।

सीईओ डॉ. मोनिका मंडोत्रा ने पूरे स्टाफ की कर्मठता, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि डिप्स की सफलता का आधार उसकी समर्पित टीम, विद्यार्थियों की प्रतिभा तथा अभिभावकों का निरंतर सहयोग है। उन्होंने सभी अभिभावकों का संस्था पर विश्वास बनाए रखने के लिए विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

यह भव्य समारोह डिप्स नूरमहल के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय बन गया, जिसने शिक्षा, विज्ञान, संस्कृति, मनोरंजन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुपम संगम प्रस्तुत करते हुए सभी के हृदय में अविस्मरणीय स्मृतियाँ अंकित कर दीं।

 

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel