Prabhat Times
- पंजाब में दलित समुदाय के साथ भाजपा की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी: गुरप्रीत सिंह जीपी
- एनडीए शासित 21 राज्यों में भाजपा ने एक भी दलित को मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया: जसवीर सिंह गढ़ी
- भाजपा और आरएसएस राजनीतिक लाभ के लिए बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा वाली घटना का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं: पवन कुमार टीनू
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पंजाब में शांति और सद्भाव बिगाड़ने, संविधान को खत्म करने और दलित समाज के खिलाफ गुंडागर्दी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
आप नेताओं ने साफ कर दिया है कि भाजपा अपनी गंदी राजनीति और वोट बैंक के लिए पंजाब का सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश कर रही है, जिसे पंजाब के लोग कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आप नेता गुरप्रीत सिंह जीपी ने होशियारपुर जिले के बाड़ियां कलां में बाबा साहेब अंबेडकर सें संबंधित एक प्रोग्राम के दौरान हुई घटना की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि प्रोग्राम के दौरान भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा माइक छीनने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता हमेशा पंजाब के खिलाफ रहे हैं, चाहे वो तीन काले कृषि कानून बनाने का मुद्दा हो जिसके खिलाफ हमारे किसानों और पंजाब के लोगों ने विरोध और धरने दिए या देश के संविधान को खत्म करने का मुद्दा हो।
गुरप्रीत जीपी ने विजय सांपला की इस हरकत की कड़ी निंदा की और कहा कि हम ऐसी हरकत बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आप नेता जसवीर सिंह गढ़ी ने भाजपा की गुंडागर्दी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने के मुद्दे पर भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री, एससी/ एसटी कमीशन के पूर्व चेयरमैन और पूर्व सांसद विजय सांपला ने दलित समुदाय और बीएसपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गुंडागर्दी की है।
गढ़ी ने कहा कि जिन गरीबों और मजदूरों के लिए उन्होंने अपनी ज़िंदगी के 25 साल दिए हैं, उन्हें धमकाना, भाजपा ज़िंदाबाद के नारे लगाना, लड़ाई-झगड़े करना और दलितों के पीछे भागना और गुंडागर्दी करना बहुत निंदनीय है।
इतिहास की घटनाओं का ज़िक्र करते हुए गढ़ी ने कहा कि भाजपा के राज्य में ही तुगलकाबाद में श्री गुरु रविदास जी का 600 साल पुराना मंदिर तोड़ा गया, 2018 में एससी/एसटी एक्ट में बदलाव करके उसे कमज़ोर किया गया, गुजरात के ऊना में 5 गरीब दलितों पर ज़ुल्म किए गए और राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जाने के बाद छुआछूत के कारण पंचगव्य से शुद्धिकरण किया गया।
उन्होंने विजय सांपला से सवाल किया कि खुद दलित परिवार से होने के बावजूद वह भाजपा की गुंडागर्दी को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 2020 के किसान आंदोलन के दौरान यही सांपला जी ‘जय भीम’ के नारे लगाते थे, लेकिन आज हमारे लिए ‘जय श्री राम’ और ‘जय भीम’ दोनों एक जैसे हैं। पंजाब में भाजपा की राजनीतिक चालें कामयाब नहीं होने दी जाएंगी।
गढ़ी ने पूछा कि 21 राज्यों में एनडीए की सरकार होने के बावजूद भाजपा ने बाबा साहेब को मानने वाले गरीब परिवार के व्यक्ति को किसी भी जगह मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा अपनी हद में रहे, दलितों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आप नेता पवन कुमार टीनू ने कहा कि होशियारपुर जिले के बाड़ियां कलां में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के मामले में भारतीय जनता पार्टी और कुछ दूसरी पार्टियां वहां सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने गई थीं।
जैसे भाजपा हिंदी बेल्ट में धार्मिक दंगे भड़काकर और लोगों की भावनाओं से खेलकर वोट लेती है, वैसे ही अब पंजाब में भी वोट पाने के लिए वही गेम प्लान और ड्रामा किया जा रहा है।
अमृतसर या पंजाब के बाड़ियां कलां में हुई बेअदबी की घटनाओं के पीछे भाजपा का हाथ है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
टीनू ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहे हैं, भाजपा और आरएसएस ऐसी घटिया राजनीति कर रहे हैं, लेकिन पंजाब के लोग सब समझते हैं। दूसरी तरफ, पंजाब की भगवंत सिंह मान सरकार सभी वर्गों के लिए विकास का काम कर रही है।
आम आदमी पार्टी सरकार ने हर सरकारी ऑफिस में बाबा साहेब अंबेडकर की फोटो लगाई है, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है और पंजाब को देश में पहले नंबर पर पहुंचाया है, जो बाबा साहेब का असली सपना था।
टीनू ने पंजाबियों से अपील की कि वे भाजपा की ऐसी चालों में न फंसें, अपना भाईचारा बनाए रखें और पंजाब में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएं और भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाएं।
—————————————————————————–


————————————–










