Prabhat Times
चंडीगढ़। (Punjab Farmers Roads Jammed) करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर का विरोध करने पहुंचे किसानों पर हुए लाठीचार्ज का असर पंजाब में देखने को मिल रहा है। अगर रविवार को कहीं घूमने जाने का प्रोग्राम है तो इसे रद्द कर दें तो ही ठीक है, क्योंकि हरियाणा में हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने पंजाब में सड़कें जाम (Roads Jammed) करने का ऐलान कर दिया है। पूरे पंजाब में अलग-अलग जगहों पर 12 से 2 बजे तक सड़कें जाम करने का ऐलान किया गया है। 32 किसान संगठनों के संयुक्त किसान मोर्चा ने इसका फैसला लिया है। यह भी ऐलान किया गया है कि किसान अपने गांवों हरियाणा की बीजेपी सरकार की अर्थियां फूंकेंगे। उधर, जालंधर मे पी.ए.पी. चौक मे जाम की तैयारी कर ली गई है। इस दौरान अमृतसर, लुधियाना हाईवे पूरी तरह से बंद होगा।
संयुक्त मोर्चा की तरफ से दिल्ली के सिंघु बार्डर पर इसे लेकर मीटिंग की गई थी। इसमें यह फैसला लिया गया है। पूरा विवाद भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय सरकार की तरफ से लाए गए कृषि कानूनों को लेकर है। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले 8 माह से रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान 600 किसानों की मौत भी हो चुकी है। किसानों की तरफ से सभी जगह राजनीतिक पार्टियों के नेताओं का विरोध करने का ऐलान किया हुआ है।
इसी के चलते ही करनाल में मुख्यमंत्री का घेराव करने का एलान किया गया था। किसानों पर हुए लाठीचार्ज से पहले की एक वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें उक्त अधिकारी खुद ड्यूटी मजिस्ट्रेट बता रहा है और कह रहा है कि अगर कोई भी किसान नाका तोड़ने की कोशिश करता है तो उसका सिर तोड़ दो।
संयुक्त किसान नेता प्रेम सिंह, बलवीर सिंह राजेवाल आदि का कहना है कि उक्त एसडीएम को तुरंत बर्खास्त किया जाए, किसानों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों पर मामले दर्ज हों और घायल किसानों का इलाज करवाया जाए। किसान नेताओं ने यह भी एलान किया है कि अब हरियाणा की यूनियन के साथ बैठक होगी और इसके बाद ही कोई अन्य फैसला लिया जाएगा।

जालंधर में PAP चौक पर प्रदर्शन, अमृतसर व लुधियाना जाने वाले रास्ते रहेंगे बंद

जालंधर-दिल्ली नेशनल हाइवे रविवार यानी आज दो घंटे रोड जाम (Roads Jammed) रहेगा। हरियाणा के करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) यहां PAP चौक पर प्रदर्शन करेगा। यह प्रदर्शन दोपहर 12 से 2 बजे तक होगा। इस दौरान अमृतसर व लुधियाना को जाने वाले रास्ते (Roads) बंद रहेंगे। इसके अलावा फगवाड़ा, होशियारपुर के रास्ते (Roads) भी बंद रहेंगे। किसान मोर्चा के प्रदर्शन को देखते हुए PAP चौक पर सिक्योरिटी लगाई जा रही है।
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के जिला यूथ प्रधान अमरजोत सिंह जंडियाला ने कहा कि हरियाणा सरकार की तरफ से करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। जिसकी वजह पंजाब के किसानों में भारी आक्रोश है। इसलिए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू राजेवाल यह प्रदर्शन कर रही है। जिसमें जिला प्रधान मनदीप समरा, मुख्य प्रवक्ता जत्थेदार कश्मीर सिंह जंडियाला, सचिव अबिंदर सिंह संसारपुर व सलाहकार अमरजीत सिंह शेरगिल भी मौजूद रहेंगे। अमरजोत ने कहा कि इस दौरान ट्रैफिक को पूरी तरह जाम रखा जाएगा।

कल BJP के आफिस घेरेंगे किसान

करनाल में भाजपा नेताओं का विरोध करने पर किसानों के ऊपर लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को किसान जालंधर में BJP के आफिस घेरेंगे। किसान नेता कुलविंदर सिंह मशियाणा ने कहा कि सोमवार को 11 बजे BJP के सभी आफिस घेरकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा इस तरह किसानों के साथ अत्याचार करेगी तो फिर किसान पक्का धरना लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

ये भी पढ़ें