Prabhat Times
बठिंडा। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सीएम फेस का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से भगवंत मान को ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव भगवंत मान के नेतृत्व में ही लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नवंबर में विधानसभा चुनाव होंगे। केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार को पंजाब में चार साल पूरे हो चुके हैं और इस दौरान लोगों के बीच सरकार के काम को लेकर संतोष और खुशी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के प्रति लोगों में नाराजगी रहती थी, लेकिन अब जनता सरकार के काम को पसंद कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के समय जब वह बठिंडा आए थे, तब लोगों ने उन्हें “जोजो टैक्स” के बारे में बताया था। उन्होंने दावा किया कि अब यह व्यवस्था खत्म हो चुकी है और प्रदेश में लूट-खसोट नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व में ईमानदार सरकार काम कर रही है।
उन्होंने पंजाब की अन्य राजनीतिक पार्टियों पर भी निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि एक पार्टी को लोग “चिट्टा पार्टी” और “बेअदबी पार्टी” कहते हैं, दूसरी को “झगड़ा पार्टी” और तीसरी को “ईडी पार्टी” कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों की पार्टी है और जनता के मुद्दों पर काम कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि नवंबर में चुनाव होने हैं और अब केवल चार महीने का समय बचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना है। उनका कहना था कि पिछले चार वर्षों में मान पर कोई भ्रष्टाचार या अन्य आरोप नहीं लगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई आरोप होता तो केंद्र सरकार की एजेंसियां उनके खिलाफ कार्रवाई करतीं।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना पर काम कर रही है और भविष्य में हर मां-बहन के खाते में एक हजार से डेढ़ हजार रुपए भेजे जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब में लोगों को मुफ्त बिजली की सुविधा भी मिल रही है।
—————————————————————————-


————————————–








