Prabhat Times

फगवाड़ा। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री मावां-धीयां सम्मान योजना के तहत अधिक से अधिक योग लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के लिए लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने शनिवार को महिला सम्मान सखियों से अपील की कि वे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में और तेजी लाएं, ताकि 1 जुलाई से शुरू होने वाली इस योजना का लाभ प्रत्येक योग्य महिला तक पहुंच सके।

सांसद डॉ. चब्बेवाल ने आज यहां सम्मान सखियों से मुलाकात करते हुए उन्हें घर-घर जाकर अधिक से अधिक योग्य महिलाओं का रजिस्ट्रेशन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक योग्य महिला को प्रति माह 1000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति से संबंधित महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने महिलाओं से किया गया यह महत्वपूर्ण वादा पूरा कर उनके सम्मान को बढ़ाया है।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत फगवाड़ा की योग्य महिलाओं के खातों में हर महीने लगभग 12 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के संपूर्ण विकास के लिए अनेक जनहितैषी और ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।

महिला सम्मान सखियों को संबोधित करते हुए डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि प्रत्येक 50 लाभार्थी महिलाओं पर एक सम्मान सखी नियुक्त की गई है, जो घर-घर जाकर महिलाओं को रजिस्ट्रेशन में सहायता प्रदान करेंगी।

वे आधार कार्ड लिंक करवाने, बैंक खातों की जानकारी अपडेट करवाने, मतदाता पहचान पत्र की पुष्टि कराने तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने जैसी प्रक्रियाओं में मदद करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सफल रजिस्ट्रेशन पर सम्मान सखी को 300 रुपये मानदेय दिया जाएगा।

सांसद ने कहा कि इस योजना की सफलता में महिला सम्मान सखियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पंजाब सरकार 1 जुलाई से वित्तीय सहायता जारी करने जा रही है, इसलिए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में रजिस्ट्रेशन अभियान को और तेज करना होगा ताकि कोई भी योग्य महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।

डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि पंजाब की सभी महिलाएं, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है तथा जिनके पास वैध आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र है, इस योजना का लाभ लेने के लिए योग्य हैं।

हालांकि कुछ श्रेणियों को इस योजना से बाहर रखा गया है, जिनमें इनकम टैक्स भरने वाली महिलाएं, पंजाब सरकार, केंद्र सरकार या किसी अन्य राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की कार्यरत या सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी, सांसद, विधायक और मंत्री, तथा सांसदों या विधायकों की पत्नियां शामिल हैं।

सांसद ने सम्मान सखियों को भरोसा दिया कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा और इस योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाया जाएगा।

इस अवसर पर मेयर रामपाल उप्पल, बाल विकास प्रोजेक्ट अधिकारी राजविंदर कौर, आप नेता गुरदीप सिंह तथा सुमन शर्मा भी उपस्थित थे।

 

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel