Prabhat Times
लुधियाना। लुधियाना के लाडोवाल इलाके में गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलाया किया है।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने कहा कि इस वारदात का मास्टरमाइंड उसका चचेरा भाई ही है। उसने प्रॉपर्टी विवाद में हत्या करवाई।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर अदालतों में केस चल रहे हैं।
पुलिस ने मामले में 7 लोगों को नामजद किया है। सभी आरोपी फरार हैं और किसी को अभी हिरासत में नहीं लिया गया है।
मृतक की पहचान नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) के नाम से हुई। शनिवार शाम बाइक सवार दो हमलावरों ने उनकी इनोवा पर करीब 10 राउंड फायरिंग की।
गंभीर रूप से घायल नवतेज को स्थानीय लोग उनकी ही गाड़ी से डीएमसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद में गई पूर्व सरपंच की जान
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि दोनों परिवारों के दादा सगे भाई थे। एक परिवार के पास 34 एकड़ और दूसरे के पास 44 एकड़ जमीन है।
दोनों परिवारों की जमीनें एक-दूसरे के साथ लगती हैं। जमीन को लेकर लोकल अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक सिविल केस चल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार तनाव हो चुका है। वे एक-दूसरे को घेरने और धमकियां देने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यह राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि पुरानी पारिवारिक रंजिश का नतीजा है।
खेतों में काम देखकर घर लौट रहे थे नवतेज
नवतेज सिंह 3 अक्टूबर की शाम गांव मनेवाल में अपनी 30 से 35 एकड़ जमीन पर चल रहे काम को देखने गए थे।
वहां से वे अपने घर कृष्णा नगर, घूमार मंडी लौट रहे थे। रोजाना उनके साथ उनका वकील बेटा भी जाता था, लेकिन घटना वाले दिन वे अकेले थे।
शाम को उनकी इनोवा लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड के पुल की तरफ मुड़ी। पंजाब फूड ऑफिस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
कार के कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
फायरिंग की पूरी घटना नवतेज की कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई। परिवार ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है।
फुटेज के मुताबिक, शाम 6:25 बजे सामने से बाइक पर दो हमलावर आते दिखाई देते हैं। इसके करीब दो मिनट बाद, 6:27 बजे, वे फायरिंग शुरू कर देते हैं।
बाइक पर पीछे बैठे हमलावर ने गोलियां चलाईं। पहले दोनों हमलावर गाड़ी के सामने की तरफ से आए।
इसके बाद वे पीछे की ओर गए और ड्राइवर साइड पर दोबारा ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियां लगने से ड्राइवर साइड का शीशा चकनाचूर हो गया। हमलावरों ने गाड़ी पर करीब 10 राउंड फायर किए।
डैशबोर्ड कैमरे में हमलावरों की साफ तस्वीरें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक हमलावर की पहचान कर ली गई है।
पुलिस ने हत्याकांड में कुल 7 लोगों को नामजद किया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, दूसरे परिवार का मुखिया इस मामले का मुख्य आरोपी है।
पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगी गोलियों की संख्या
घटना के बाद स्थानीय लोग नवतेज को गंभीर हालत में उनकी ही इनोवा से डीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नवतेज को कितनी गोलियां लगीं, इसकी सटीक जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। शव का पोस्टमॉर्टम आज करवाया जाएगा।
—————————————————————————-


————————————–











