Prabhat Times

  • फगवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग अथारिटी द्वारा आधुनिक पार्किंग क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव रखा
  • केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों की टीम को स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए

फगवाड़ा। लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क ट्रांसपोर्ट एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर फगवाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने पुल के नीचे आम लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक पार्किंग क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव रखा।

केंद्रीय मंत्री से बातचीत के दौरान डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने मांग की कि जिस प्रकार नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा अन्य शहरों में पुलों के नीचे पार्किंग लॉट विकसित किए गए हैं, उसी तर्ज पर फगवाड़ा में भी पुल के नीचे आधुनिक पार्किंग क्षेत्र बनाया जाए।

इससे बस अड्डे के दोनों ओर प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों लोगों तथा शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि फगवाड़ा, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित है और पंजाब का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक, औद्योगिक तथा शैक्षणिक केंद्र है, वहां इस प्रकार की सुविधा की अत्यंत आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने पुल के नीचे विकसित की जाने वाली पार्किंग व्यवस्था घने यातायात को नियंत्रित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग अथारिटी की इस पहल से न केवल शहरवासियों को व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में भी बडा सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के निकट इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध होने से शहर की व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. राज कुमार चब्बेवाल द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को गंभीरता से सुनते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मौके पर ही प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग अथारिटी (एनएचएआई) की टीम स्थल का निरीक्षण कर आधुनिक पार्किंग लॉट स्थापित करने की संभावनाओं का आकलन करेगी तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel