Prabhat Times
कपूरथला। श्री हितेन्द्र मल्होत्रा, महानिदेशक (संरक्षा ), रेलवे बोर्ड ने आज रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला का दौरा किया।
रेडिका पहुंचने पर श्री मल्होत्रा ने महाप्रबंधक श्री अजय नंदन, प्रधान विभागाध्यक्षों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक की।
बैठक में कोच संरक्षा, डिब्बा उत्पादन तथा चालू वित्तीय वर्ष के दौरान रेल डिब्बों के निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर रेडिका के डिज़ाइन विभाग ने डिब्बों में संरक्षा बढ़ाने तथा अन्य महत्वपूर्ण संरक्षा विशेषताओं को सुदृढ़ करने के लिए रेडिका द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
वर्कशॉप के अपने दौरे के दौरान श्री मल्होत्रा ने रेल डिब्बा निर्माण प्रक्रियाओं का गहन निरीक्षण किया तथा नव विकसित संरक्षा विशेषताओं से युक्त एक रेक के निर्माण की समीक्षा की।
उन्होंने डिब्बों में लगाए गए विद्युत उपकरणों एवं प्रणालियों का भी अवलोकन किया तथा संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने डिब्बा निर्माण में संरक्षा उपायों को और सुदृढ़ करने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव एवं अनुभव साझा किए।
रेडिका के अत्याधुनिक आधारभूत ढांचे तथा कुशल विनिर्माण प्रक्रियाओं की सराहना करते हुए उन्होंने संरक्षा मानकों और परिचालन दक्षता को और बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव दिए।
श्री मल्होत्रा ने तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र (टीटीसी) का भी दौरा किया, जहां उन्होंने संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की।
उन्होंने प्रशिक्षण गतिविधियों से जुड़े अधिकारियों के साथ बातचीत की तथा पाठ्यक्रम सामग्री, प्रशिक्षण पद्धति और कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
रेडिका द्वारा अपने कर्मचारियों की तकनीकी दक्षताओं को बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने आधुनिक डिब्बा निर्माण की बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप सतत सीखने और कौशल उन्नयन के महत्व पर बल दिया।
रेल डिब्बा कारखाना द्वारा कोच निर्माण के क्षेत्र में प्राप्त तकनीकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए श्री मल्होत्रा ने संगठन को संरक्षा विशेषताओं, उत्पादकता तथा परिचालन उत्कृष्टता को और बढ़ाने के लिए सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने और बढ़ावा देने की सलाह दी।
संगठन की मान्यता प्राप्त यूनियन के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के कल्याण, कार्य परिस्थितियों तथा संगठनात्मक विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए श्री मल्होत्रा को एक ज्ञापन सौंपा।
—————————————————————————-


————————————–








