Prabhat Times
जालंधर। जालंधर स्थित ‘जालंधर हाइट्स-2’ की बहुमंजिला इमारत के डी-ब्लॉक की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगाकर 24 वर्षीय युवती ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सूचना मिलने पर पहुंची थाना सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवती ने ऐसा क्यों किया इसके कारणों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, पढ़ाई पूरी कर चुकी जैसमीन कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
फिलहाल पुलिस परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
जालंधर के पॉश इलाके में स्थित ‘जालंधर हाइट्स-2’ सोसाइटी में दोपहर को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब डी-ब्लॉक की छत से अचानक एक युवती नीचे आ गिरी। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
ऊंचाई से गिरने के कारण युवती को गंभीर चोटें आई थीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची थाना सदर की पुलिस ने मौके का मुआयना किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थाना सदर के सब-इंस्पेक्टर बलकरण ने बताया कि मृतका की पहचान 24 वर्षीय जैसमीन के रूप में हुई है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जैसमीन ने इमारत के डी-ब्लॉक की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या की है।
वह अपनी पढ़ाई पूरी कर चुकी थी, लेकिन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से काफी परेशान (डिप्रेशन में) चल रही थी।
पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के संबंध में मृतक जैसमीन के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके द्वारा दिए गए तथ्यों के आधार पर जो भी उचित कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह अमल में लाई जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
—————————————————————————–


————————————–










