



Prabhat Times
चंडीगढ़। लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से पंजाब लाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बठिंडा पुलिस की टीम आरोपी को UAE की अथॉरिटीज से कस्टडी में लेकर भारत पहुंची। मेहरों को इसी साल जनवरी में शारजाह पुलिस ने वीजा से जुड़े मामले में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया था। उसे भारत लाने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया पूरी होने में कुछ समय लग गया।
जानकारी के अनुसार, कमल कौर भाभी की हत्या बठिंडा में जून 2025 में कर दी गई थी। उसकी लाश आदेश अस्पताल की पार्किंग में ईऑन कार में पड़ी मिली थी। जिसमें से तेज बदबू आने पर इसका खुलासा हुआ था।
जानिए कमल कौर भाभी के मर्डर की पूरी प्लानिंग…
-
अमृतपाल मुख्य मास्टरमाइंड, 3 महीने से पीछे पड़ा था : एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि पुलिस ने रिमांड पर लिए हत्यारोपी निमरतजीत सिंह और जसप्रीत से कई घंटे पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि अमृतपाल मुख्य मास्टरमाइंड है। अमृतपाल पिछले 3 महीने से कंचन को मारने की प्लानिंग कर रहा था। इसमें हम दोनों को शामिल किया हुआ था। प्लानिंग के तहत तीनों ने लुधियाना जाकर कंचन की रेकी की। कंचन कहां आती जाती है, किससे मिलती है और उसकी मूवमेंट क्या है? इस सब पर तीनों ने नजर रखी हुई थी।
-
कंचन के घर नजदीक किया था कुछ दिन स्टे : एसएसपी ने बताया कि अमृतपाल के साथ दोनों आरोपी कंचन के घर के आस-पास कई होटलों में भी स्टे करते रहे। उन होटलों की भी पुलिस अब जांच करेगी। 7 जून को अमृतपाल और जसप्रीत दोनों लुधियाना गए। जसप्रीत कंचन के घर के बाहर रहा और अमृतपाल घर के अंदर गया। मगर, उस दिन कंचन घर पर नहीं थी। इसके बाद 8 जून को दोबारा अमृतपाल उनके घर गया। वहां कंचन और उसकी मां गिरजा देवी मिले।
-
कार शोरुम की प्रमोशन के लिए किया था हायर : एसएसपी के मुताबिक अमृतपाल ने कंचन से कहा कि बठिंडा में कार के शोरुम का प्रमोशन करना है। कंचन ने उसे मना कर दिया कि मेरी मां की अभी तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद अमृतपाल चला गया। इसी दिन अमृतपाल ने कंचन को दोबारा कॉल की और उसे बातों में लिया। उससे कहा कि तुम्हारी कार की रेनोवेशन आदि भी करवा देंगे। इन बातों में आकर कंचन मान गई।
-
9 जून को कंचन को साथ लेकर बठिंडा गए : एसएसपी के अनुसार 9 जून को अमृतपाल, जसप्रीत और निमरत स्कॉर्पियो में सवार होकर मोगा से लुधियाना पहुंचे। अमृतपाल ने कंचन को वॉट्सऐप कॉल की और अपोलो अस्पताल के नजदीक बुला लिया। इसके बाद अमृतपाल कंचन की ईओन कार में पिछली सीट पर बैठ गया, जबकि स्कॉर्पियो को जसप्रीत और निमरत लेकर उनके आगे-आगे चल दिए। जैसे ही दोनों कारें बठिंडा पहुंची तो अमृतपाल अपनी स्कॉर्पियो में शिफ्ट हो गया, जबकि निमरत, कंचन के साथ उसकी कार में सवार हो गया।
-
देर रात तक आउट लेट्स में कंचन को घुमाते रहे : कंचन के साथ निमरत उसकी गाड़ी लेकर गैरेज में चला गया। गाड़ी का काम शाम 5 बजे से रात साढ़े 12 बजे तक चलता रहा। काम पूरा होने के बाद कंचन और निमरत गैरेज से बाहर आए। वहीं, जसप्रीत और अमृतपाल भी स्कॉर्पियो लेकर गैरेज के बाहर इन्हें मिले। दोनों कारें शहर में घूमती रही। भुच्चों के नजदीक और आस-पास कई आउट लेट्स में चारों देर रात तक घूमते रहे। प्लान के मुताबिक जसप्रीत ने एक पेट्रोल पंप पर अपनी स्कॉर्पियो कार पार्क कर दी।
-
थप्पड़ मार कर लिए दोनों मोबाइलों के पासवर्ड : एसएसपी के मुताबिक जसप्रीत और अमृतपाल भी कंचन और निमरत के साथ उसकी कार ईओन में आ गए। ईओन कार अमृतपाल खुद चलाने लगा। निमरत कंडक्टर सीट पर बैठ गया। कंचन और जसप्रीत कार में पीछे बैठे थे। आरोपी गाड़ी को सुनसान जगह पर ले गए। यहां कंचन को आरोपियों ने पूछा कि तेरे दोनों मोबाइल के पासवर्ड क्या हैं। कंचन ने विरोध किया तो जसप्रीत और निमरत ने उसे थप्पड़ मारे और दोनों फोन अमृतपाल ने ले लिए।
-
15 मिनट तक तीनों आरोपियों ने कंचन का गला दबाया : एसएसपी ने बताया कि गाड़ी में निमरन और जसप्रीत दोनों पिछली सीट पर आ गए। अमृतपाल ने दोनों से कहा कि इसका काम कर दो। जसप्रीत ने कमरकस उसके गले में डाल दिया। एक तरफ से जसप्रीत और दूसरी तरफ से निमरन ने कमरकस को खींचा। अमृतपाल ने कंचन का गला दबाया। करीब 15 मिनट तक कंचन तड़पी, फिर उसकी सांसें थम गईं। इसके बाद तीनों उस पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां स्कॉर्पियो पार्क की थी। यहां इन तीनों के दो अन्य साथियों तरनतारण के रहने वाले रणजीत सिंह और एक अन्य ने एक दूसरी गाड़ी खड़ी की हुई थी।
-
हत्या के बाद कमरकस गाड़ी में भूला जसप्रीत : एसएसपी के मुताबिक हत्या के बाद अमृतपाल ने चारों से कहा कि अब प्लान मुताबिक अलर्ट हो जाओ। जसप्रीत और निमरत से कहा कि आदेश अस्पताल की पार्किंग में कंचन की कार पार्क करनी है। आदेश अस्पताल की पार्किंग में रात 2 बजे निमरत बाहर रुक गया जबकि जसप्रीत कार खड़ी करने अंदर चला गया। कंचन की कार को अस्पताल की पार्किंग में खड़ी करने के बाद दोनों वहां से चल दिए।
-
हत्या के बाद कमरकस गाड़ी में भूला जसप्रीत : आदेश अस्पताल की पार्किंग से जाने के कुछ देर बाद जसप्रीत को याद आया कि कंचन के गले में जो फंदा डाला था, वह कार में ही रह गया है। इसके बाद जसप्रीत ने अमृतपाल को पूरी घटना बताई। अमृतपाल ने इनसे कहा कि कमरकस बहुत बड़ा सबूत है, जैसे भी हो, उसे निकाल कर लाओ। इसके बाद दोनों फिर से पार्किंग में पहुंचे और वहां से कंचन की कार निकाली और इधर-उधर घुमाने लगे। इसके बाद फंदा बाहर निकाल कर सुबह साढ़े 5 बजे कार दोबारा से पार्किंग में खड़ी की।
-
हत्या की सुबह सवा 9 बजे UAE भाग गया अमृतपाल : एसएसपी के मुताबिक जांच में पता चला है कि अमृतपाल इस हत्याकांड में शामिल रहा है। तीनों ने मिलकर हत्या की है। रणजीत और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। अमृतपाल को दबोचने की पुलिस कोशिश कर रही थी, लेकिन वह कहीं मिला नहीं। 15 जून को लुक आउट नोटिस जारी किया तो अमृतपाल के पासपोर्ट का नंबर पता करके उसकी ट्रैवल हिस्ट्री की जांच करवाई। जांच दौरान सामने आया कि वह अमृतसर एयरपोर्ट से हत्या वाली सुबह ही सवा 9 बजे UAE भाग गया था।
———————————————–


ये भी पढ़ें
- …अब 14.2 किलो नहीं सिलेंडर में मिलेगी सिर्फ इतनी गैस! LPG संकट के बीच सरकार का ‘प्लान-बी’
- बड़ी राहत! LPG को लेकर सरकार ने दिए ये अहम आदेश
- पिछली सरकारों की नाकामी से बंद हो गए थे सांस्कृतिक मेले, अब ‘रंगला पंजाब’ के रंग दिखाई देने लगे हैं: मान
- सेंट सोल्जर ग्रुप की विभिन्न शाखाओं ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की
————————————–





