Prabhat Times
जालंधर। काउंटर इंटेलीजैंस जालंधर और एसएसओसी अमृतसर के जॉइंट ऑपरेशन में पंजाब पुलिस को सफलता मिली है।
सेंट्रल एजेंसी की इनपुट के बाद काउंटर इंटेलीजेंस जालंधर और एसएसओसी अमृतसर की टीम ने 3 खतरनाक अपराधियों को अरेस्ट करके विदेशी अत्याधुनिक पिस्तौल व कारतूस बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक ये तीनों अपराधी विदेश में बैठे हैंडलर्स के लिए क्राईम कर रहे थे।
विदेश से जुड़े गैंगस्टर कनेक्शन का खुलासा
पुलिस ने इस मामले में एसएसओसी थाना, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की है।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जो पंजाब में गैंगवार, फिरौती और ऑर्गेनाईज़ड क्राईम की गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल हैं।
ये आरोपी हथियारों की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने और विभिन्न आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का काम कर रहे थे।
पुराने हत्या मामलों से भी लिंक मिला
जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध अमृतसर कमिश्नरेट में दर्ज एक हत्या के मामले और बटाला में दर्ज हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले से भी जुड़ा हुआ है।
इससे यह स्पष्ट होता है कि यह नेटवर्क केवल हथियार तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि गंभीर हिंसक अपराधों में भी शामिल रहा है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि सहयोगियों, स्थानीय संपर्कों और विदेशी हैंडलर्स की पहचान की जा सके। साथ ही, इस गिरोह द्वारा पहले की गई आपराधिक गतिविधियों का भी पता लगाया जा रहा है।
—————————————————————————-


————————————–








