Prabhat Times

जालंधर। (anurag thakur bjp jalandhar lok sabha by poll) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आम आदमी पार्टी को पंजाब की दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण बताया।

पंजाब में नशे के कारोबार पर भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए ठाकुर ने कहा कि नशे के कारोबार को नष्ट करने की बड़ी बड़ी बातें अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने की थी।

परंतु नशे का कारोबार पहले से भी अधिक फल फूल रहा है और युवाओं का भविष्य उजड़ रहा है।

ठाकुर ने कहा कि माएं अपने जवान बेटों की लाशें देखकर फूट फूटकर रो रही हैं।

जालंधर में प्रेसवार्ता में अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने स्मार्ट सिटी के सपने को भी चकनाचूर कर दिया है।

अनुराग ठाकुर ने पंजाब की विधि व्यवस्था पर गहरे प्रश्नचिन्ह खड़े करते हुए कहा कि  यहां के गायकों, खिलाड़ियों और व्यापारियों के दिन दहाड़े मर्डर हो रहे हैं।

जेलों में बैठकर अपराधी गैंगवार चला रहे हैं। पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ाई हुई है।

बहुत से व्यापारी तो ऐसे हैं जो डर के मारे पुलिस के पास भी नहीं जाते। आज पंजाब में माफिया फल फूल रहा है।

आतंकवाद सर उठा रहा है। ठाकुर ने कहा कि भगवंत मान जी जवाब दें आखिर पिछले एक साल में उन्होंने पंजाबियों के लिए क्या किया है?

भ्रष्टाचार पर वार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक आज ‘वसूली विधायक’ के नाम से जाने जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले विवाद चालू करते हैं और फिर उससे उगाही का काम करते हैं। समाज में खराब से खराब काम का नाम लीजिए, और आम आदमी पार्टी का नेता उससे जुड़ा मिलेगा।

इनके मंत्रियों के कथित वीडियो देखकर सुनकर शर्म आती है। स्वास्थ्य मंत्री का मात्र 2 महीने में भ्रष्टाचार के आरोपों पर इस्तीफा हुआ है, लेकिन फिर भी इनके विधायकों में पैसा खाने की होड़ है।

जिस भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड, पंजाब कांग्रेस ने अपने 5 साल में स्थापित किए थे, उसे आम आदमी पार्टी ने एक साल ही में तोड़ कर रख दिया है।

पंजाब के भ्रष्टाचार को दिल्ली के भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंजाब बिल्कुल दिल्ली के भ्रष्टाचार मॉडल पर चल रहा है।

आम आदमी के नाम पर वोट मांगने वालों ने दिल्ली और पंजाब में लूट की खुली छूट दे रखी है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में इनके स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री आज भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के कारण जेल में है।

इनके मुख्यमंत्री जो कहते थे कि कभी बड़ा घर, गाड़ी और अन्य सुविधाएं नहीं लूंगा, उन्होंने मात्र अपने बंगले के रेनोवेशन पर 45 करोड़ रुपए खर्च कर दिए हैं।

जिस दिल्ली में जल बोर्ड लोगों को पीने का पानी मुहैया नहीं करा पा रहा, वहां के मुख्यमंत्री के आशियाने में 8 करोड़ का स्विमिंग पूल बना है।

इन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए एक शौचालय तक नहीं बनवाया,  लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने घर में 15 शौचालय बनवाए हैं।

गरीबों के लिए एक पक्का मकान तक नहीं बनवाया, लेकिन अपने फर्श पर 4.5 करोड़ खर्च किए।

8 करोड़ के लकड़ी के बोर्ड से सजावट हुई है। गरीब 10 हज़ार का टीवी नहीं खरीद सकता, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने 10.50 लाख का टीवी लगवाया है। एक नहीं कई टीवी खरीदे हैं।

पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए चुनावी वादों पर ध्यान दिलाते करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा की मान करने लायक भगवंत मान ने एक भी काम नहीं किया, लेकिन बेईमानी वाले सारे काम इनकी सरकार में हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की माताएं बहने कब से आस लगाए बैठीं हैं कि कब उनके बैंक खातों में 1000 रुपए आएंगे। पिछले 13 महीनों में 13,000 आने थे, परंतु 13 पैसे तक नहीं आए।

इनके नेता जो दूसती पार्टियों में रहते हुए प्रश्न करते थे कि कब महिलाओं के खाते में पैसे आएंगे, वह आज चुप हैं।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंजाब में किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमने पंजाब को AIMS दिया, पीजीआई सेटेलाइट केंद्र दिया, स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए 950 करोड़ दिए, नए हाईवे की बात हो या सुपर एक्सप्रेसवेज बनाने की बात, यह सभी भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हीं संभव हो पाए हैं।

मोदी जी की सरकार ने हीं श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला, हेमकुंड साहिब तक रोप वे पहुँचाया और चार धाम यात्रा को सुलभ बनाया।

हमने ही गुरु नानक देव महाराज जी का प्रकाश पर्व धूम धाम से मनाया और साहबजादों के बलिदान दिवस को वीर बाल दिवस के रूप में मनाना शुरू किया।

1984 के सिख दंगों में एसआईटी का गठन मोदी सरकार में हुआ। अफगानिस्तान में हमारे सिख भाईयों पर हो रहे हमले को रोका।

वहां से स्पेशल फ्लाइट चलाकर साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों को पूरे अदब सत्कार से भारत वापिस लाया गया और सिख परिवारों को भी भारत लाने का काम किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने काम के बल पर वोट मांगने जा रही है। मगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मुंह छुपाते हुए चल रहे हैं, कि आखिर करें तो क्या करें।

एक शब्द में कहा जाए तो पंजाब में आज माफिया फल फूल रहा है। नशा रोकने की बात तो दूर आज आम आदमी पार्टी की सरकार में नशा मोहल्ले में बिक रहा है।

जिस आतंकवाद को कुचल दिया गया था, वह आज फिर इनकी सरकार में पनप रहा है।

इस मौके पर उपस्थित भाजपा प्रदेश महामंत्री जीवन गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश राठौर, प्रदेश प्रवक्ता अनिल सरीन,  प्रदेश मीडिया इंचार्ज जनार्दन शर्मा, शिवम छाबड़ा, अमर जीत सिंह अमरी, अमित भाटिया आदि उपस्थित थे।

Join Whatsapp Link for Latest News

खबर ये भी हैं…


Subscribe YouTube Channel

Prabhat Times

Click to Join Prabhat Times FB Page

https://www.facebook.com/Prabhattimes14/

Join Telegram

https://t.me/prabhattimes1