Prabhat Times

Chandigarh चंडीगढ़। (aap announces rajinder gupta will go-to rajya sabha aam admi party) आम आदमी पार्टी ने ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को पंजाब से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस संबंध में AAP के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने इसका लेटर जारी कर दिया है।

राजिंदर गुप्ता पंजाब के सबसे अमीर इंडस्ट्रियलिस्ट्स में से एक माने जाते हैं। उनकी कंपनी का करीब 5 हजार करोड़ का टर्नओवर है। गुप्ता को राज्यसभा भेजने की अटकलें शनिवार को ही लगनी शुरू हो गई थी।

उन्होंने पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली माता मंदिर पटियाला की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था।

जिसे आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया। बता दें कि कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना वेस्ट सीट से विधायक चुने जाने के बाद पंजाब में एक राज्यसभा सीट खाली हो गई थी।

पंजाब में राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन कल यानी 6 अक्टूबर को होगा। 13 अक्टूबर नामिनेशन की आखिरी तारीख है। 14 अक्टूबर को स्क्रूटनी के बाद 16 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

24 अक्टूबर को वोटिंग और इसी दिन शाम को काउंटिंग होगी। विपक्षी दल कांग्रेस, SAD और भाजपा ने अभी चुनाव लड़ने का फैसला नहीं लिया है।

पंजाब से अभी 6 राज्यसभा मेंबर, सभी AAP के, गुप्ता की जीत भी तय पंजाब से इस समय राज्यसभा से 6 मेंबर हैं। ये सभी AAP के ही नेता हैं।

इनमें कारोबारी विक्रमजीत सिंह साहनी, संत बलबीर सिंह सीचेवाल, AAP के नेता राघव चड्‌ढा और संदीप पाठक, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर व उद्योगपति अशोक मित्तल शामिल हैं।

इस चुनाव में AAP की जीत तय है। इस समय पंजाब में 117 विधायकों में से 93 विधायक आम आदमी पार्टी के हैं।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के 3, कांग्रेस के 16, भाजपा के 2, बहुजन समाज पार्टी के पास एक और एक आजाद विधायक है। एक सीट अभी तरनतारन की खाली पड़ी हुई है।

पिछले साल राजिंदर गुप्ता ने तिरूपति बालाजी मंदिर को 21 करोड़ रुपए दान किए थे। यह राशि राजिंदर गुप्ता ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के एसवी प्राणदान ट्रस्ट को सौंपी थी। इस मौके उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।

कौन है राजिंदर गुप्ता

पंजाब के सबसे अमीर इंडस्ट्रियलिस्ट : राजिंदर गुप्ता पंजाब के सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक हैं। ट्राइडेंट ग्रुप की ओर से बनाए जाने वाले उत्पाद आज देश के अलावा विदेश में भी जा रहे हैं।

ट्राइडेंट ग्रुप की यूनिट लुधियाना, बरनाला, धौला में स्थित हैं। लुधियाना में कंपनी का कॉर्पोरेट ऑफिस है, जबकि बरनाला, धौला और मध्य प्रदेश के बुदनी, भोपाल में कंपनी द्वारा उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। कंपनी की चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत विदेश में शाखाएं हैं।

कंपनी का 5 हजार करोड़ का टर्नओवर :

ट्राइडेंट कंपनी का सालाना टर्नओवर 5 हजार करोड़ रुपए से भी ऊपर का है। राजिंदर गुप्ता को पंजाब का धीरूभाई अंबानी भी कहा जाता है।

कंपनी टॉवेल, बेडशीट और कॉटन पेपर बनाती है। ट्राइडेंट में तैयार हो रहे उत्पाद आज देश के अलावा विदेश में एक्सपोर्ट हो रहे हैं। हाल ही में USA में भी कंपनी ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई थी, जहां विदेशी ग्राहकों ने उत्पादों की सराहना की थी।

उद्योगपति के साथ समाजसेवी भी हैं गुप्ता :

राजिंदर गुप्ता मशहूर उद्योगपति तो हैं ही, उसके साथ-साथ समाजसेवी भी हैं। वह कई धार्मिक और समाजसेवी संगठनों को दान देते हैं। कोरोना काल में भी ट्राइडेंट की तरफ से देश में लाखों PPT किटें और मास्क तैयार कर मुफ्त बांटे गए थे। इसके अलावा वे श्री काली माता मंदिर प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन थे। इसके पद से भी उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

पिता-पुत्र मिलकर संभाल रहे बिजनेस :

 ट्राइडेंट के मालिक राजिंदर गुप्ता और उनका बेटा अभिषेक गुप्ता मिलकर बिजनेस को संभाल रहे हैं। अभिषेक कंपनी में प्रबंध निदेशक के पद हैं। वह ब्रिटेन के वारविक विश्वविद्यालय से स्नातक हैं। राजिंदर गुप्ता की एक बेटी नेहा गुप्ता है, जिसने लंदन के कैस बिजनेस स्कूल से फाइनेंस में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की है।

——————————————————-

ये भी पढ़ें

——————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel