Prabhat Times

  • टी-20 क्रिकेट लीग ने पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच प्रदान किया: मुख्यमंत्री मान
  • यह लीग गांवों और कस्बों से प्रतिभा की पहचान करने, उसे निखारने और अवसर प्रदान करने के लिए बड़ी पहल है: मुख्यमंत्री 
  • इस लीग से उभरने वाले कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में पंजाब और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे: मुख्यमंत्री 
  • टी-20 लीग में अपना हुनर दिखाने वाले कई क्रिकेटरों को आईपीएल में भी खेलने का अवसर मिलेगा: मुख्यमंत्री भगवंत मान
  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के समापन समारोह में शिरकत की

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज यहां मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के समापन समारोह में शिरकत की और इस टूर्नामेंट को पंजाब की उभरती क्रिकेट प्रतिभा की पहचान करने, उसे निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मजबूत मंच बताया।

इस प्रतियोगिता में 119 खिलाड़ियों द्वारा अपने हुनर का प्रदर्शन करने और नमन धीर तथा प्रभसिमरन सिंह के इंडिया ‘ए’ टीम में चयन के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य को देश का खेल हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और कहा कि हम खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने तथा युवाओं को खेल मैदानों से जोड़ने के लिए अपने प्रयास इसी तरह जारी रखेंगे।

इस अवसर के कुछ पलों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “आज मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ के फाइनल मैच और समापन समारोह में शिरकत की।

30 अगस्त से शुरू हुए इस टूर्नामेंट ने पंजाब के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक शानदार मंच प्रदान किया है।

फाइनल में पहुंची दोनों टीमों लुधियाना लायंस और अमृतसर सूरमाज़ सहित भाग लेने वाली सभी टीमों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन और जुझारू जज़्बे के लिए दिल से बधाई।

उन्होंने कहा कि पंजाब में खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने और हमारे युवाओं को खेल मैदानों से जोड़ने के हमारे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। इंकलाब जिंदाबाद।”

शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग के समापन अवसर पर खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पी.सी.ए.) द्वारा पहली बार आयोजित की गई है।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ने पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को एक मंच प्रदान किया है और यह खेल महाकुंभ आज पूरी शान-ओ-शौकत के साथ संपन्न हो गया है।”

लीग के सफल आयोजन के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रबंधकों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मैं इस लीग के सफल आयोजन के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई देता हूं और भाग लेने वाली सभी टीमों तथा आगामी सीज़न के लिए बाकी सभी टीमों को शुभकामनाएं देता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दो सप्ताह चली इस लीग के दौरान पंजाब के गांवों और कस्बों के कई होनहार युवा क्रिकेटर सुर्खियों में आए। इनमें से बहुत से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आने वाले वर्षों में पंजाब और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

अपने राज्य की लीग में पूरे उत्साह, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ भाग लेने के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इस लीग के दौरान पंजाब के लगभग 119 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया।”

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “इस समय भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तान क्रमशः शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर, दोनों पंजाब से हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब के 21 खिलाड़ी इस समय आईपीएल में खेल रहे हैं। शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के दौरान विभिन्न आईपीएल टीमों के टैलेंट स्काउट्स और चयनकर्ता भी मैच देखने पहुंचे थे।

इस लीग के बाद हमें उम्मीद है कि पंजाब के कई और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को विभिन्न आईपीएल टीमों के लिए खेलने के अवसर मिलेंगे।”

लीग के शुरुआती परिणामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “इस लीग के दौरान किए गए प्रदर्शन के परिणाम मिलने शुरू हो गए हैं।

पंजाब के नमन धीर और प्रभसिमरन सिंह का चयन ‘इंडिया ए’ टीम के लिए हुआ है, जो यह दर्शाता है कि ऐसे मंच उभरते खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का रास्ता कैसे आसान बना सकते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ को ‘युवराज सिंह अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।”

लीग के महत्व के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है। यह पंजाब के गांवों, कस्बों और शहरों में मौजूद क्रिकेट की अपार प्रतिभा को पहचानने, निखारने और प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।”

उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा, “जिन युवा क्रिकेटरों ने यहां अपने हुनर का लोहा मनवाया है, वे भविष्य में पंजाब और देश का नाम और भी रोशन करेंगे।”

आज अमृतसर सूरमाज और लुधियाना लायंस के बीच फाइनल मैच खेला जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस फाइनल में खेल रहे खिलाड़ियों से मुलाकात भी की।

इस लीग में छह टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें शुभमन गिल की अगुवाई वाली फाजिल्का फाल्कन्स, अर्शदीप सिंह की अगुवाई वाली लुधियाना लायंस, अभिषेक शर्मा की अगुवाई वाली अमृतसर सूरमाज, प्रभसिमरन सिंह की अगुवाई वाली जालंधर वॉरियर्स, रमनदीप सिंह की अगुवाई वाली मोहाली किंग्स और गुरनूर बराड़ की अगुवाई वाली बठिंडा रॉयल्स शामिल थीं।

लीग में हिस्सा लेने वाली इन छह टीमों में पंजाब के कई प्रमुख क्रिकेट सितारे शामिल थे।

इन सितारों के अलावा अनमोलप्रीत सिंह, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्विनी कुमार, कृष भगत, साहिल भास्कर और राहुल कुमार जैसे क्रिकेटरों ने भी लीग में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर और अन्य शख्सियतें भी मौजूद थीं।

—————————————————————————–

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel