Prabhat Times 

Chandigarh चंडीगढ़। (flood situation in punjab weather) पंजाब में लगातार बरसात और बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने से हालात बिगड़ गए हैं।

सड़कें बह जाने की वजह से कई गांवों का संपर्क कट चुका है। घरों को नुकसान पहुंचा है।

लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंच रहे हैं। वहीं लोगों को जान माल की चिंता सता रही है। हजारों एकड़ भूमि, फसलें, नदियों के किनारे बसे गांव डूब चुके हैं।

पंजाब में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। डैमों से पानी छोड़ने के कारण बुधवार को पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का में बाढ़ आ गई है।

गुरदासपुर के दबुरी स्थित नवोदय विद्यालय में 400 से ज्यादा स्टूडेंट्स और टीचर्स बाढ़ में फंस गए हैं। स्कूल के ग्राउंड फ्लोर पर 5 फीट पानी भर गया है। बच्चों को फर्स्ट फ्लोर पर रखा गया है।

स्टूडेंट्स और टीचर्स को निकालने के लिए NDRF और सेना की टीमें भेजी गई हैं। राज्य में भारी बारिश के चलते आज ही सभी स्कूलों को 30 अगस्त तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं।

वहीं, रावी नदी में बाढ़ के चलते करतारपुर साहिब कॉरिडोर में भी 7 फीट तक पानी भर गया है। इसके कारण पाकिस्तान का श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा भी डूब गया है।

सीएम ने हेलिकॉप्टर लोगों को सौंपा

पंजाब के CM भगवंत मान गुरदासपुर पहुंचे हैं। वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा ले रहे हैं। सीएम ने कहा कि यहां आकर पता चला है कि कई गांवों में लोग फंसे हुए हैं। लोग घरों की छतों पर बैठे हैं और उन्हें राशन भी नहीं मिल पा रहा है।

सीएम ने कहा, “लोगों ने हमें 92 सीटें देकर हेलिकॉप्टर दिया था। अब मैं वही हेलिकॉप्टर लोगों के हवाले कर रहा हूं। इसे यहीं पर छोड़ रहा हूं ताकि इसके माध्यम से लोगों तक दूध, राशन और पानी पहुंचाया जा सके। इसके लिए डीसी साहब को निर्देश दे दिए हैं। मैं खुद कार से वापस चला जाऊंगा। देखें वीडिय़ो

पहली बार प्रभावित क्षेत्रों में लोगों का हेलीकॉप्टर, लोगों की सेवा के लिए लगाया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे परिवारों को राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर को तैनात करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “लोगों ने हमारे पक्ष में बड़ा जनादेश देकर हमें यह हेलीकॉप्टर दिया है और संकट की इस घड़ी में लोगों की सेवा के लिए यह हेलीकॉप्टर तैनात रहेगा।”

आज गुरदासपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा करने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग पानी से घिरे गांवों में फंसे हुए हैं, जिन्हें तत्काल मदद की जरूरत है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को तुरंत सुरक्षित निकालने के लिए राज्य सरकार ने अपना हेलीकॉप्टर लोगों की सेवा में लगा दिया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अब से वे कार के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जबकि हेलीकॉप्टर लोगों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेगा।

इस दौरान लोगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और विभिन्न जिलों के प्रशासन से पानी के स्तर और राहत कार्यों के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में लोगों की मदद करना अपना कर्तव्य समझती है और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के दूर-दराज के इलाकों में प्रत्येक व्यक्ति तक मदद पहुंचाई जा रही है। विशेष रूप से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। भगवंत सिंह मान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्यों को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पानी के बढ़ते स्तर से लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इन जिलों के डिप्टी कमिश्नरों और एसएसपी को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को मदद मिल सके।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार भारी बारिश के कारण उत्पन्न इस स्थिति में लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंत्री, विधायक और अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं ताकि लोगों को इन क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहले से ही बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चल रहे हैं ताकि लोगों को किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में लोगों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने बाढ़ के कारण लोगों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पहले ही विशेष गिरदावरी के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि विशेष गिरदावरी निष्पक्ष ढंग से की जाए ताकि लोगों को उनके नुकसान का पूरा मुआवजा दिया जा सके। भगवंत सिंह मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार लोगों को मुआवजा देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नुकसान की पूरी भरपाई के लिए लोगों की फसल, पशु, घर और अन्य वस्तुओं को विशेष गिरदावरी में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निचले क्षेत्रों में जहां पानी ने तबाही मचाई है, वहां हुए नुकसान का आकलन कर लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। भगवंत सिंह मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बाढ़ के दौरान हुए एक-एक पैसे के नुकसान की भरपाई करेगी

सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन

दूसरी तरफ, पंजाब के पठानकोट के माधोपुर हेडवर्क्स में सेना ने बाढ़ के पानी से घिरी एक जर्जर बिल्डिंग से 22 CRPF जवानों और 3 नागरिकों का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के लिए सेना का हेलिकॉप्टर जर्जर बिल्डिंग की छत पर उतरा था। छत से उड़ान भरने के बाद ही बिल्डिंग का अगला हिस्सा पानी में समा गया।

इसके बाद भी सेना ने जर्जर बिल्डिंग की छत पर फंसे सभी लोगों को बचाया। भारतीय सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो X पर शेयर किया है।

सेना, एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, तरनतारन, फाजिल्का और फिरोजपुर शामिल हैं।

तरनतारन और अमृतसर में भी हालात खराब होते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में पौंग बांध और रणजीत सागर बांध का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया।

हालात बेकाबू होते देख पंजाब पुलिस के साथ सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर का भी सहारा लिया गया है।

फिरोजपुर में बीएसएफ की दो चेक पोस्ट बाढ़ की चपेट में 

फिरोजपुर में सतलुज दरिया में आई बाढ़ के चलते ममदोट में बीएसएफ की चेक पोस्ट ओल्ड गजनी वाला और फिरोजपुर में बीएसएफ की चौकी सतपाल पानी की चपेट में आ गई है।

पानी ने इन्हें चारों तरफ से घेर लिया है। आसपास के गांव भी पानी की चपेट में आ गए हैं।

लोग वहां से निकाल कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचने लगे हैं। अब बीएसएफ मोटर बोट के जरिए सरहद की चेकिंग में लगी हुई है।

पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं।

साथ ही राहत और बचाव कार्य जारी रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे जमीनी स्तर पर डटे रहने के आदेश दिए गए हैं।

फ्लड मैनेजमेंट कमेटी गठित

बाढ़ के संकट के बीच मान सरकार एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रबंधन के लिए फ्लड मैनेजमेंट कमेटी बनाई है। जालंधर में फ्लड कंट्रोल रूम पहले ही बनाया गया है।

बाढ़ के हालात व बारिश के अलर्ट के चलते सभी स्कूलों में चार दिन के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है।

राज्य के सभी प्राइमरी, सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 27 अगस्त से 30 अगस्त तक बंद रहेंगे।

 

——————————————————-

ये भी पढ़ें

——————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel