Prabhat Times
Jalandhar जालंधर। जालंधर में पड़ौसी व्यक्ति ने 13 साल की लड़की से रेप की कोशिश के बाद उसकी हत्या कर दी। लड़की ने आरोपी से बचने के लिए हाथ-पैर मारे तो उसने तार से गला घोटकर उसे मार डाला।
इसके बाद उसकी लाश को बाथरूम में छुपा दिया। लड़की सहेली से मिलने गई थी। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिवार ने ढूंढना शुरू किया। कोई पता न चलने पर CCTV खंगाले गए।
जिसमें वह पड़ोसी के घर जाते हुए दिखी। पुलिस ने पहले जांच कर कहा कि अंदर कोई नहीं है लेकिन जब लोग अंदर घुसे तो बाथरूम से लाश बरामद कर ली।
इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की। उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। उसके घर पर पथराव भी किया। लोगों ने रात 1 बजे तक प्रदर्शन किया।
जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रिंपी सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ कत्ल और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने जिस वक्त ये वारदात की, उसकी पत्नी और बेटी अपने मायके लुधियाना गई थी।
इस मामले में एसीपी गगनदीप सिंह घुम्मन ने कहा कि घर की चेकिंग कर कुछ न होने की बात कहने वाले ASI मंगतराम को सस्पेंड कर दिया गया है।
घर से शाम 4 बजे निकली थी 13 साल की बच्ची
परिवार वालों ने बताया कि वह रोज की तरह बाहर गई थी। करीब 4:30 बजे के बाद जब बच्ची वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसे आसपास ढूंढना शुरू किया।
गली के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गली की एक महिला उपासना के मुताबिक, 6:00 से 6:30 बजे के बीच शोर हुआ और मोहल्ले को पता चला कि बच्ची गायब है।
CCTV से हुआ खुलासा
4:02 बजे की CCTV फुटेज में बच्ची ब्लैक ड्रेस में गली से गुजरती दिखती है। उससे कुछ सेकेंड पहले एक महिला दो बच्चों के साथ गली से गुजरती है।
बच्ची तेज कदमों से आगे बढ़ती है। गली में खड़ी एक कार का सहारा लेकर वह अपने जूते ठीक करती है
4:05 बजे के करीब सहेली के घर के सामने वाले पड़ोसी 48 वर्षीय रिंपी उर्फ हैप्पी के घर अंदर जाती दिखती है। इसके बाद वह बाहर नहीं निकलती। इस पर लोगों ने पुलिस को बुलाया।
आरोपी की पत्नी बोली- मैं लुधियाना में हूं
लड़की की तलाश के दौरान आरोपी की पत्नी को फोन किया गया। पत्नी ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ मायके लुधियाना गई है। पत्नी ने पति पर शक करने से भी इनकार किया। पुलिस ने घर का गेट खुलवाया। घर से बाहर आकर ASI मंगतराम ने कहा कि अंदर कुछ नहीं है। वहां कोई लड़की नहीं है।
8:00 बजे के करीब, बच्ची अभी तक नहीं मिली तो मोहल्ले में हंगामा शुरू हो गया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने सही तरीके से तलाशी नहीं ली।
इस बीच कई लोग खुद घर के अंदर घुसे और कमरों, स्टोर और बाथरूम की तलाशी शुरू की। कुछ देर बाद लोगों ने बाथरूम में बच्ची का शव बरामद कर लिया।
शव देखते ही बच्ची की मां बेसुध हो गई और पूरे इलाके में मातम फैल गया। लोगों ने आरोप लगाया कि बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या की गई।
आरोपी की पिटाई, घर पर पथराव शव मिलने के तुरंत बाद गुस्से से भरी भीड़ ने आरोपी रिंपी उर्फ हैप्पी को पकड़ लिया और उसकी ताबड़तोड़ पिटाई कर दी।
उसके घर पर पथराव भी किया गया। पुलिस की कस्टडी में होने के बावजूद लोग उसे पीटते रहे। भीड़ का आरोप था कि पुलिस ने लापरवाही की, इसलिए आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
11:00 बजे के आसपास वरिष्ठ अधिकारी, डीएसपी, एसडीएम और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने भीड़ को समझाने की कोशिश की और आरोपी को भीड़ से बचाकर बाहर निकाला। गुस्साई भीड़ पुलिस से भिड़ गई। कई लोग चिल्ला रहे थे।
“यहीं पर तेल डालकर जला दो, नहीं तो पुलिस छोड़ देगी।” कुछ लोग पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गए और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
एएसआई सस्पेंड किया
भीड़ की पिटाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और FIR दर्ज की।
आरोपी पर कत्ल और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ADCP गगनदीप सिंह घुम्मन ने बताया कि घर में गलत जांच रिपोर्ट देने वाले ASI मंगतराम को सस्पेंड कर दिया गया है।
लोग लगातार यही आरोप लगा रहे थे कि अगर पुलिस ने पहली बार घर ठीक से चेक किया होता, तो बच्ची जल्दी मिल जाती।
——————————————————-






ये भी पढ़ें
- मान सरकार का शिक्षा में क्रांतिकारी योगदान : शिक्षकों के सम्मान और युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए नया अध्याय शुरू
- ओ तेरी… DIG हरचरण भुल्लर के घर से मिला इतने करोड़ कैश, ज्यूलरी, जानें और क्या-क्या
- पंजाब सरकार का जनसेवा मॉडल ,₹510 CR की मेडिकल क्रांति ; होमी भाभा कैंसर अस्पताल और रिसर्च सेंटर ने दी लाखों को नई जिंदगी
- वरिंदर सिंह घुम्मण के नाम पर रखा जाएगा डीसी और पुलिस कमिश्नर रेजिडेंस पार्क का नाम, नितिन कोहली 23 अक्तूबर को करेंगे उद्घाटन
——————————————————
————————————–











