Prabhat Times

  • तकनीक से लैस कंट्रोल सेंटर शिकायतों का करेगा तत्काल निपटारा; लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
  • मानसून के लिए जल्द शुरू की जाएगी समर्पित हेल्पलाइन: बैंस

लुधियाना। मानसून के मौसम के दौरान लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के उद्देश्य से पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि नगर निगम लुधियाना द्वारा एक आधुनिक ‘मानसून वॉर रूम’ स्थापित किया गया है।

यह हाईटेक कंट्रोल सेंटर 1700 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे पूरे शहर की निगरानी करेगा।

आज यहां नगर निगम के जोन-डी, सराभा नगर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में स्थापित ‘मानसून वॉर रूम’ का निरीक्षण करने के बाद स हरजोत बैंस ने कहा कि इस वॉर रूम की बड़ी स्क्रीन पर उन चौकों, निचले इलाकों और संवेदनशील नालों की लाइव एचडी फुटेज दिखाई जाएगी, जहां जलभराव की समस्या रहती है।

इस व्यवस्था के माध्यम से जलभराव का पता कुछ ही सेकंड में चल जाएगा, जिससे नगर निगम की टीमें तुरंत संबंधित स्थान पर पहुंच सकेंगी। इससे कार्रवाई का समय घंटों से घटकर कुछ मिनटों तक सीमित हो जाएगा।

कंट्रोल सेंटर के कामकाज का जायजा लेने के बाद स्थानीय निकाय मंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही एक समर्पित मानसून हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा।

शहरवासी इस हेल्पलाइन पर फोन कर जलभराव, जाम या ओवरफ्लो नालों से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिसे वॉर रूम में तुरंत दर्ज किया जाएगा।

प्रत्येक शिकायत को शहर के नक्शे पर जियो-टैग किया जाएगा और उसे सबसे निकट की फील्ड टीम को सौंपा जाएगा। समस्या के समाधान होने तक उसकी लगातार निगरानी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान कर लोगों को तुरंत राहत प्रदान करना है।

इसके बाद नगर निगम अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में स हरजोत सिंह बैंस ने मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की।

उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी रखने, बुद्धा दरिया और मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई (डी-सिल्टिंग) कराने, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी मैनहोल ढकने, सड़क किनारे लगी जालियों की सफाई तथा टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स बैंस ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में हम कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। ‘मिशन क्लीन पंजाब’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर चलाया जा रहा हमारा व्यावहारिक अभियान है।”

उन्होंने चेतावनी दी कि सफाई अथवा आपातकालीन ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, नगर निगम आयुक्त ओजस्वी अलंकार, वरिष्ठ डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर, संयुक्त आयुक्त तपन भनोट तथा सहायक आयुक्त जसदेव सेखों भी उपस्थित रहे।

नगर निगम आयुक्त ओजस्वी अलंकार ने स्थानीय निकाय मंत्री को कमांड सेंटर की तैयारियों की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि नगर निगम की सभी टीमें पूरी तरह सतर्क और अलर्ट हैं।

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel