Prabhat Times
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार था, सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उसकी घोषणा कर दी। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया है।
ट्रम्प ने अप्रैल में 25% रेसिप्रोकल टैरिफ (जैसे को तैसा) लगाया था और रूस से तेल खरीदने के कारण अगस्त में 25% पेनल्टी का ऐलान किया था। इससे भारत पर कुल टैरिफ 50% हो गया था।
अब व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि भारत पर सिर्फ टैरिफ 18% ही लगेगा। अमेरिका रूसी तेल खरीदने के कारण लगा 25% टैरिफ हटा देगा।
ट्रम्प ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रेड डील की घोषणा की।
ट्रम्प ने दावा किया कि मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर राजी हो गए हैं।
ट्रम्प के मुताबिक, जरूरत पड़ी तो भारत वेनेजुएला से तेल लेगा। भारत ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 46 लाख करोड़ रुपए (500 अरब डॉलर) से अधिक का सामान खरीदेगा।
वहीं, ट्रम्प के एलान के बाद पीएम ने X पर लिखा- भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रम्प का शुक्रिया।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा, पढ़िए…
आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। हमने रूस-यूक्रेन युद्ध सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। PM मोदी ने रूस से तेल की खरीद बंद करने पर सहमति जताई।
भारत अब अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा। इसके अलावा वेनेजुएला से तेल खरीदने की संभावना पर भी बात हुई।
इससे यूक्रेन में चल रहा युद्ध खत्म करने में मदद मिलेगी, जहां हर हफ्ते हजारों लोगों की जान जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती, सम्मान और उनके अनुरोध पर, हमने अमेरिका और भारत के बीच तुरंत एक ट्रेड डील पर सहमति बनाई है।
इसके तहत अमेरिका भारत पर लगाया जाने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा।
वहीं भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाकर शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
PM मोदी ने ‘बाय अमेरिकन’ को लेकर भी बड़ी प्रतिबद्धता जताई है। इसके तहत भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा के ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदेगा। मुझे पूरा भरोसा है कि भारत और अमेरिका के रिश्ते आगे और भी मजबूत होंगे।
मोदी बोले- हमारी पार्टनरशिप को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक हूं
PM मोदी ने लिखा- मुझे राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत खुशी हुई। यह जानकर बेहद संतोष है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है। इस शानदार फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का दिल से धन्यवाद।
मोदी ने आगे लिखा- जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एकसाथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और आपसी सहयोग के नए और बड़े मौके खुलते हैं। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी पार्टनरशिप को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं।
अब भारत उन देशों में शामिल, जिन पर सबसे कम टैरिफ
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने NDTV से बातचीत में भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा- कुछ तकनीकी कागजों पर अगले कुछ दिनों में दस्तखत होंगे, लेकिन डील लगभग तय है।
गोर ने कहा- यह टैरिफ समझौता प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच कई सालों से चली आ रही मजबूत दोस्ती का नतीजा है। यह टैरिफ दूसरे देशों की तुलना में बहुत कम है। पहले भारत पर काफी ज्यादा टैरिफ लगता था, लेकिन अब भारत उन देशों में आ गया है जिन पर कम टैरिफ है।
राजदूत गोर के मुताबिक, ट्रम्प और मोदी की दोस्ती इस डील को पूरा करने में सबसे बड़ी वजह बनी।
गोर ने कहा कि अमेरिका और भारत के रिश्तों में बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। इस व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के रिश्तों का अगला दौर शुरू होगा।
इस बीच व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के मुताबिक अमेरिका, भारत से आने वाले सामान पर लगाया गया वह एक्स्ट्रा टैरिफ हटा देगा, जो रूस से तेल खरीदने के बदले सजा के तौर पर लगाया गया था।
भारत में क्या-क्या हो सकता है सस्ता?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस ट्रेड डील के बाद भारत में बिकने वाले कई अमेरिकी उत्पादों की रिटेल कीमतों में गिरावट आ सकती है। इंपोर्ट की लागत घटने से इन प्रोडक्ट्स पर सीधा असर पड़ेगा।
कृषिक्षेत्र में दालें, डेयरी उत्पाद और प्रोसेस्ड फूड जैसे सामान सस्ते होने की संभावना है, जिससे बढ़ती महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है।
इसके अलावा टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी इस डील का असर दिख सकता है। लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कंपोनेंट्स जैसे उत्पादों पर इंपोर्ट ड्यूटी घटने से इनके दाम कम हो सकते हैं।
साथ ही पैकेज्ड फूड, होम अप्लायंसेज जैसे कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के की कीमतों में भी कमी आने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि इनके इंपोर्ट से जुड़ी लागत घटेगी।
भारतीय एक्सपोर्टरों को भी मिलेगा फायदा
यह समझौता केवल आयात तक सीमित नहीं है। भारतीय निर्यातकों के लिए भी इसमें बड़े अवसर छिपे हैं।
रिसर्च के मुताबिक, टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर को अमेरिकी बाजार में टैरिफ में कटौती का सीधा फायदा मिल सकता है, जिससे भारतीय कपड़ों की कीमत वहां कम होगी और मांग बढ़ सकती है।
जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर भी इस डील से ज्यादा प्रतिस्पर्धी बन सकता है। इसके अलावा स्टील, केमिकल्स और इंजीनियरिंग गुड्स जैसे इंडस्ट्रियल सेक्टर को भी बेहतर मार्केट एक्सेस और कम ट्रेड फ्रिक्शन का लाभ मिलने की उम्मीद है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे भारत की एक्सपोर्ट क्षमता मजबूत होगी और अमेरिकी बाजार में भारत की हिस्सेदारी धीरे-धीरे बढ़ सकती है।
कौन-से उत्पाद अब भी रहेंगे महंगे
हालांकि सभी सेक्टरों को इस डील से तुरंत राहत नहीं मिलेगी। कुछ अहम इंडस्ट्रियल धातुओं पर अमेरिका की सख्त नीति जारी रहेगी।
स्टील, एल्युमिनियम और कॉपर पर लागू अमेरिकी सेक्शन 232 के तहत शुल्क अब भी करीब 50 प्रतिशत के आसपास बना रहेगा।
इसी तरह कुछ ऑटो कंपोनेंट्स पर भी लगभग 25 प्रतिशत तक टैरिफ जारी रहने की संभावना है, क्योंकि इन सेक्टर्स को टैरिफ में सीमित राहत ही दी गई है।
ट्रेड डील पर क्या कहा गया
भारत-US ट्रेड डील के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन कॉल के बाद कहा कि भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को शून्य तक लाने का भरोसा दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी खुशी जताई कि अब “मेड इन इंडिया” उत्पाद अमेरिकी बाजार में 18 प्रतिशत के कम टैरिफ पर पहुंच सकेंगे।
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक के सामान की खरीद करेगा, जिसमें एनर्जी, टेक्नोलॉजी, कृषि उत्पाद, कोयला और दूसरी कई वस्तुएं शामिल होंगी।
उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका से पहले की तुलना में कहीं ज्यादा मात्रा में सामान खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते और गहरे होंगे।
——————————————————-
ये भी पढ़ें
- जालंधर के 4 बड़े डाक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश, जानें पूरा मामला
- मान सरकार का शिक्षा विज़न का कमाल:25 स्कूलों में AI-आधारित करियर गाइडेंस पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च
- फिर बढ़े गोल्ड के रेट, चांदी की कीमतों में उछाल, जानें लेटेस्ट रेट
- पंजाब सरकार का ऐलान! इस दिन से सभी स्कूलों में होगी सर्दियों की छुट्टियां
- कनाडा ने शुरू किया नया प्रोग्राम, अब इन भारतीयों को मिलेगी तुरंत PR












