Prabhat Times
होशियारपुर। होशियारपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ता भिड़ गए।
मौके पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला पर इस दौरान हमला कर दिया गया।
बसपा कार्यकर्ता ने उनके मुंह पर माइक मार दिया। सांपला के नाक से खून निकला और गर्दन पर खरोंचें आईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
बता दें कि बाड़ियां कलां गांव में मंगलवार तड़के अंबेडकर प्रतिमा को पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया था।
इसी के विरोध में भाजपा और बसपा विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार प्रतिमा के चेहरे और हाथ की उंगली को नुकसान पहुंचा है। पुलिस CCTV खंगाल रही है।
घटना की जानकारी के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, भाजपा SC मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू आज बुधवार को सुबह 11 बजे बाड़ियां कलां गांव पहुंचे।
यहां पहले से बसपा कार्यकर्ताओं का धरना चल रहा था। शीतल अंगुराल ने भी घटना के विरोध में मौके पर पहुंचने की अपील की थी।
टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद
धरने के दौरान बसपा कार्यकर्ताओं की ओर से विजय सांपला पर टिप्पणी की गई। इसके बाद सांपला ने अपनी बात रखने के लिए बोलने की कोशिश की। इसी दौरान माहौल बिगड़ गया।
माइक छीनकर सांपला पर हमला
वहां मौजूद एक व्यक्ति ने सांपला से माइक छीन लिया और उसी से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई
चर्चा है कि हमले में सांपला को हल्की चोट लगी है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी। पुलिस बल ने पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया। प्रतिमा तोड़ने के मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच कर रही है।
—————————————————————————–


————————————–










