Prabhat Times
चंडीगढ़। (sidhu moosewala murder plan lawrence bishnoi) सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में हर दिन कोई न कोई खुलासा हो रहा है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या को शुरू से ही विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या के साथ जोड़ कर देखा जा रहा है। लेकिन इसी बीच एक और बड़ा कारण सामने आया है।
लारैंस बिश्नौई ने पुलिस इनवेस्टीगेशन में माना है कि उसकी सिद्धू मूसेवाला के साथ सीधी दुश्मनी नहीं थी, बल्कि सिद्धू द्वारा गाए जाने वाले कुछ गानों से उसे ऐसा लगता था कि वे गाने के बहाने उसे ललकार रहा है।
मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला लॉरेंस और बंबीहा गैंग की गैंगवार की भेंट चढ़ गए। मूसेवाला का खुद किसी गैंग से ताल्लुक नहीं था। फिर भी लॉरेंस गैंग मूसेवाला के गीतों से नाराज था।
लॉरेंस गैंग को शक था कि मूसेवाला गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गैंग की तारीफ करते हैं। इसके अलावा अपने गीतों में लॉरेंस गैंग को चुनौती देते हैं।
पंजाब पुलिस की पूछताछ में लॉरेंस ने यह बातें कही हैं। हालांकि मोहाली में विक्की मिड्डूखेड़ा के कत्ल के बाद मूसेवाला लॉरेंस गैंग की आंखों में खटकने लगे।
जिसके बाद 29 मई को मूसेवाला की मानसा में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई।
गैंगस्टर लॉरेंस इस वक्त पंजाब पुलिस की कस्टडी में है। उससे खरड़ स्थित क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के ऑफिस में पूछताछ चल रही है।

वह गीत जो लॉरेंस गैंग को खटके

सिद्धू मूसेवाला के सभी गीत एग्रेसिव होते थे। हालांकि उन्होंने एक लैजेंड गीत गाया था। जिसमें मोहाली की एक पॉश कॉलोनी का नाम लेते हुए कहा था कि वहां रहने वाले मेरा कुछ नहीं कर सकते।
इस कॉलोनी में लॉरेंस के करीबियों के रहने के चर्चे होते रहे हैं। फिर मूसेवाला ने बंबीहा बोले गीत गाया था।
यूं तो बंबीहा पंजाब में मशहूर पक्षी है लेकिन लॉरेंस गैंग को गीत के बोल और वीडियो से शक था कि मूसेवाला ने साफ तौर पर बंबीहा गैंग की तारीफ की है।

बंबीहा गैंग 3 कत्ल कर चुका था, लॉरेंस गैंग वर्चस्व में पिछड़ा

गैंगस्टर लॉरेंस और उसके गुर्गों से पूछताछ में पता चला कि बंबीहा गैंग लगातार पंजाब में कत्ल कर रहा था।
गैंग का अर्मीनिया बैठा सरगना लक्की पटियाल के कहने पर जालंधर में कबड्‌डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया, पूर्व पार्षद सुखमीत डिप्टी और विक्की मिड्‌डूखेड़ा का कत्ल किया।
इस दौरान लॉरेंस गैंग कोई बड़ी वारदात नहीं कर सका। जिससे बंबीहा गैंग का खौफ बढ़ता जा रहा था। लॉरेंस गैंग का दबदबा कम हो रहा था।
लॉरेंस जानता था कि मूसेवाला का कत्ल हुआ तो उनकी लोकप्रियता से गैंग का नाम भी खूब उछलेगा। इसीलिए कत्ल होने के कुछ घंटे बाद गोल्डी बराड़ से जिम्मेदारी ले ली।

मूसेवाला हत्याकांड के 3 शार्प शूटर पकड़ से बाहर

सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले 3 शार्प शूटर जगरूप रूपा, मनप्रीत मनु कुस्सा और दीपक मुंडी पकड़ से बाहर हैं।
दिल्ली पुलिस ने 3 शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा और कशिश उर्फ कुलदीप को पकड़ा है।
पंजाब पुलिस ने करीब 18 मददगारों को पकड़ा है लेकिन शार्पशूटर पकड़ने में पंजाब पुलिस नाकाम रही है।

ये भी पढ़ें


Subscribe YouTube Channel

Prabhat Times

Click to Join Prabhat Times FB Page

https://www.facebook.com/Prabhattimes14/

Join Telegram

https://t.me/prabhattimes14