
Prabhat Times
जालंधर। डिप्स संस्थानों की विभिन्न शाखाओं में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने तिरंगे के तीनों रंगों से सजे परिधानों में शामिल होकर पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, कविताएं, भाषण, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
विशेष रूप से प्रस्तुत किए गए नाटकों में देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों तथा उनके परिवारों के त्याग और संघर्ष को भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता के उत्साह के साथ-साथ देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य का संदेश भी दिखाई दिया।
विद्यार्थियों ने भारत की 80 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित प्रस्तुतियां देकर देश की उपलब्धियों, प्रगति और विश्व मंच पर बढ़ते सम्मान को भी उजागर किया।
कुछ विद्यार्थियों ने महान स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण कर उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर डिप्स संस्थानों के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने भी महान स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन एवं श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सेवा केवल सीमा पर जाकर ही नहीं, बल्कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने, मेहनत करने, समाज के प्रति जिम्मेदार बनने और अपने कार्यों से राष्ट्र को आगे बढ़ाने से भी की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को एक बेहतर नागरिक बनकर देश की प्रगति में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
डिप्स प्रबंधन ने कहा कि बच्चों को आत्मविश्वासी बनाना, उन्हें भविष्य के लिए कुशल बनाना, शिक्षा के साथ खेलों में आगे बढ़ाना और उन्हें देश की महान परंपराओं एवं मूल्यों से जोड़ना भी राष्ट्रसेवा का एक महत्वपूर्ण रूप है।
विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा देना, जिससे वे भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकें, डिप्स की प्रतिबद्धता है।
डिप्स के एम.डी. सरदार तरविंदर सिंह ने विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमारे कार्यों, अनुशासन, ईमानदारी और समाज के प्रति जिम्मेदारी में भी दिखाई देनी चाहिए।
सी.ए.ओ. रामनीक सिंह और सी.ए.ओ. जशन सिंह ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और देशप्रेम के साथ आगे बढ़ने तथा अपने ज्ञान, प्रतिभा और कौशल का उपयोग राष्ट्रहित में करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा और विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता तथा गौरव को सदैव बनाए रखने का संकल्प लिया।
——————————————————————————————–


————————————–










