Prabhat Times
नई दिल्ली। विदेश जाने के लिए अगर पासपोर्ट चाहिए तो पहले से ज्यादा जेब ढीली करनी होगी.
दरअसल विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट नियम 1980 में बदलाव किए हैं.
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के मुताबिक पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के दौरान दी जाने वाली फीस में इजाफा किया गया है.
बढ़ी हुई फीस 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएगी. आपको बता दें कि 14 साल बाद आवेदन शुल्क में इजाफा किया गया है. इससे पहले साल 2012 में फीस में बदलाव किया गया था.
2500 रुपए का लगेगा शुल्क
सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए 36 पन्ने वाले पासपोर्ट के नॉर्मल आवेदन के लिए 2500 रुपए शुल्क लगेगा. विदेश से आवेदन करने पर 125 डॉलर की फीस होगी.
5000 रुपए शुल्क होगा देय
-
तत्काल में 36 पन्नों वाले पासपोर्ट के लिए 5000 रुपए और विदेश में 250 डॉलर का शुल्क देना होगा.
-
60 पन्नों वाले जंबो पासपोर्ट के नॉर्मल आवेदन के लिए 3500 रुपए और विदेश में 175 डॉलर फीस चुकानी होगी.
-
60 पन्नों वाले पासपोर्ट की तत्काल सेवा के लिए 6000 रुपए शुल्क तय किया गया है. विदेश में यह फीस 300 डॉलर है.
-
15 से 18 साल के नाबालिग भी यदि 10 साल की वैलिडिटी वाला पासपोर्ट चाहते हैं, तो वे भी इसी फीस स्ट्रक्चर के तहत आवेदन कर सकते हैं.
खोने- डैमेज होने पर भी देनी होगी ज्यादा फीस
पासपोर्ट खोने या फिर डैमेज होने की स्थिति में भी 1 जुलाई से पहले से ज्यादा फीस भरनी होगी.
नॉर्मल प्रोसेस के जरिए 36 पन्नों वाले पासपोर्ट के डैमेज या खोने पर 5000 रुपए (विदेश में $250) चुकाने होंगे. वहीं, तत्काल में यह फीस 7500 रुपए ($375) होगी.
जंबो पासपोर्ट के लिए 6 हजार रुपए फीस
-
60 पन्नों वाले जंबो पासपोर्ट के खोने या फिर डैमेज होने पर नॉर्मल फीस 6 हजार रुपए (विदेश में $300) होगी. तत्काल फीस 8500 रुपए (विदेश में 425 डॉलर) निर्धारित की गई है.
-
नया पासपोर्ट बनवाना है या उसे रिश्यू कराना है तो बच्चों के साधारण पासपोर्ट (36 पन्ने) के लिए नॉर्मल फीस 1750 रुपए (विदेश में 90 डॉलर) और तत्काल फीस 4250 रुपए (विदेश में $215) होगी.
-
नाबालिग का पासपोर्ट यदि खो या डैमेज हो जाता है, तो नॉर्मल सेवा के लिए 4250 रुपए (विदेश में 215 डॉलर) और तत्काल सेवा के लिए 6750 रुपए (विदेश में 340 डॉलर) का भुगतान करना होगा.
इमरजेंसी सर्टिफिकेट के लिए कोई फीस नहीं
स्पेशल ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स को लेकर भी विदेश मंत्रालय ने नियम साफ कर दिए हैं.
इमरजेंसी सर्टिफिकेट के लिए भारत में कोई फीस नहीं है, लेकिन विदेश में इसके लिए 15 डॉलर का शुल्क लगेगा.
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट के लिए 750 रुपए फीस
-
सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी के लिए भारत में 1 हजार रुपए और विदेश में 50 डॉलर की नॉर्मल फीस होगी. हालांकि, दोनों ही डॉक्यूमेंट्स के लिए तत्काल सर्विस लागू नहीं होगी.
-
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट, सरेंडर सर्टिफिकेट या ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन जैसे दूसरे सर्टिफिकेट के लिए 750 रुपए शुल्क लगेगा.
-
विदेश में इन सर्विस के लिए 40 डॉलर चुकाने होंगे और तत्काल का विकल्प नहीं होगा. पासपोर्ट की वैलिडिटी वयस्कों के लिए अधिकतम 1 साल और नाबालिगों के लिए 5 साल या आवेदक के 18 वर्ष होने तक (जो भी पहले आए) ही होगी.
—————————————————————————-


————————————–









