Prabhat Times

जालंधर। जालंधर देहात के नकोदर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी गिरने से घायल हो गया और उसकी टांग टूट गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

नकोदर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विदेशी गैंगस्टरों के इशारे पर चल रहे जबरन वसूली और फायरिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अंकित कुमार उर्फ अंकित और हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर के रूप में हुई है।

ये दोनों आरोपी शहर के एक प्रमुख व्यवसायी को दोबारा निशाना बनाने की फिराक में थे।

​5 करोड़ की फिरौती मामले में की गई कार्रवाई ​नकोदर के प्रमुख व्यवसायी मनीष बख्शी उर्फ ​​मन्नू, जो ‘बख्शी ट्रैवल कंपनी’ और ‘बी.बी. स्कूल ऑफ आइलेट्स’ के मालिक हैं, को 11 नवंबर 2025 को विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल आए थे।

फोन करने वालों ने खुद को गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताकर 5 करोड़ रुपये की मांग की थी।

फिरौती न देने पर 16-17 जनवरी की रात को आरोपियों ने मनीष के दफ्तर के बाहर फायरिंग की थी, जिसके संबंध में थाना सिटी नकोदर में पहले ही मामला दर्ज था।

पुलिस ने आरोपियों से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए ​एसएसपी जालंधर ग्रामीण, हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर गठित विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एक और वारदात को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में घूम रहे हैं।

नूरमहल रोड पर गांव बीर फाटक के पास जब पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में अंकित कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि भागने की कोशिश में हरिंदर गुप्ता का पैर फ्रैक्चर हो गया।

​पुलिस ने इन दोनों बदमाशों को काबू कर अस्पताल पहुंचाया और उनके कब्जे से एक .30 बोर का पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी फिरौती न मिलने के कारण शिकायतकर्ता पर दोबारा हमला करने आए थे। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

——————————————————-

ये भी पढ़ें

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel