Prabhat Times

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी राहत की खबर आई है। निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है।

यह कटौती 1 जुलाई से लागू हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2 साल से अधिक समय बाद किसी कंपनी ने खुदरा ईंधन की कीमतों में इतनी बड़ी कमी की है। इसका फायदा नायरा के देशभर के हजारों पेट्रोल पंपों पर मिलेगा।

तेल की कीमतें घटने से लिया गया फैसला

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद यह फैसला लिया गया है।

समुद्री मार्ग फिर से सामान्य होने से कच्चे तेल और गैस की सप्लाई बेहतर हुई है। इससे वैश्विक बाजार में कीमतों पर दबाव कम हुआ है।

इसी के बाद नायरा एनर्जी ने ईंधन के दाम घटाने का फैसला किया, जिससे ग्राहकों को सीधी राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकारी कंपनियों ने नहीं बदले दाम

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी तक कोई भी बदलाव नहीं किया है।

दिल्ली में इनके पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की पुरानी कीमत पर ही मिल रहा है।

वहीं नायरा एनर्जी के देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर नई दरें आज (1 जुलाई) से लागू कर दी गई हैं।

मार्च में बढ़े दाम अब किए गए कम

मार्च में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बाद नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था।

अब कंपनी ने उसी बढ़ोतरी को वापस ले लिया है। नायरा गुजरात के वडिनार में 2 करोड़ टन सालाना क्षमता वाली रिफाइनरी चलाती है।

कंपनी का कहना है कि वह बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने पूरे नेटवर्क पर पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है।

पंजाब में हैं इक्का दुक्का पंप

तेल कारोबार से जुड़े कारोबारियों ने बताया कि नायरा कंपनी के इस फैसले का पंजाब में ज्यादा असर नहीं हैं।

बेशक, नायरा एनर्जी के देश भर में 7000 के करीब पैट्रोल पंप हैं, लेकिन पंजाब, हिमाचल प्रदेश व आसपास के राज्यों में नायरा का नैटवर्क ज्यादा नहीं है।

जानकारों की मानें तो शहरों की बजाए हाईवेज़ पर नायरा एनर्जी के इक्का दुक्का पंप हैं। इस वजह से पैट्रोल डीज़ल के रेट में इस कटौती का पब्लिक को खास राहत नहीं है।

हां, अगर सरकारी कंपनीयां रेट कम करती हैं तो आम पब्लिक को राहत मिलती है।

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel