Prabhat Times
चंडीगढ़। (navjot sidhu lost his temper in the press conference) पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू आज चंडीगढ़ में मीडिया से रूबरू हुए। सिद्धू ने अपने पंजाब माडल से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शहरी मजदूरों को रोजगार की गांरटी दी जाएगी। मनरेगा की तरह शहरों में भी रोजगार के लिए योजना बनाई जाएगी, जिसमें कुशल व अकुशल मजदूरों को रोजगार दिया जाएगा। इस दौरान एक सवाल के जवाब में सिद्धू ने आपा खो दिया और गाली तक निकाल दी।
सिद्धू ने कहा कि उनके पंजाब माडल में मजदूरों व पल्लेदारों के लिए समय निश्चित किया जाएगा। उनके भत्ते निर्धारित होंगे। कई कंपनियां मजदूरों से ज्यादा काम ले रही हैं। पंजाब माडल में ऐसा नहीं होगा। काम के घंटे निर्धारित होंगे। अगर ज्यादा घंटे काम तो पैसे भी ज्यादा देने होंगे।
पिछले 25 वर्षों से हमने अमीरों को जिक्र किया है, लेकिन किसी ने मजदूर का जिक्र नहीं किया। पंजाब माडल में इनका जिक्र होगा और इनके कल्याण के लिए योजनाएं बनेंगी। सिद्धू ने कहा कि आज सुबह उन्होंने मोहाली के मदनपुरा चौक पर देखा कि मजदूरों का रजिस्ट्रेशन ही नहीं है। लेबर कार्ड के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। पंजाब माडल में ऐसा नहीं होगा। गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।
इससे पूर्व नवजोत सिंह सिद्धू ने गत दिवस मोगा की दाना मंडी में आयोजित रैली में भी एफसीआइ के पल्लेदारों की समस्या उठाई। उन्होंने चन्नी सरकार से पल्लेदारों को न्यूनतम 350 रुपये दिहाड़ी दिलाने का वादा करते हुए कहा कि वे पल्लेदारों की समस्याओं को लेकर मजदूर की तरह अपने बड़े भाई चन्नी के सामने रखेंगे। मजदूरों को उनका हक दिलाएंगे, मजदूरों और किसानों की समस्याओं का हल नही किया गया तो सरकार नहीं बनेगी।
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि प्रदेश में सिर्फ एक प्रतिशत लोग 99 प्रतिशत गरीब लोगों का खून चूस रहे हैं। ठेकेदार मजदूरों को बहुत कम दिहाड़ी देकर काम कराते हैं। महंगाई के अनुपात में मजदूरों की पारिश्रमिक राशि नहीं बढ़ती है। पेट्रोल की दरें, तेजी के साथ बढ़ती हैं, लेकिन मजदूरों को मेहनताना बहुत कम बढ़ता है। सिद्धू ने अपने पुराने अंदाज में पिता भगवंत सिंह का नाम लेते वचन दिया कि वे मजदूरों और किसानों की आवाज बनेंगे। मजदूरों व किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सरकार नहीं बन सकती। उन्होंने मजदूरों से वादा किया कि सीएम चन्नी से कहकर हर मजदूर का मजदूर भलाई बोर्ड में रजिस्ट्रेशन कराना सुनिश्चित करेंगे। सिद्धू ने कहा कि वे 40 करोड़ रुपये की आय छोड़कर राजनीति में आए हैं। खून-पसीना बहाने वाले मजदूर व किसानों के हक की आवाज बनेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि वे राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के पंजाब माडल के आधार पर पंजाब के पल्लेदारों, किसानों के लिए लड़ेंगे। पल्लेदारों की समस्याएं हल नहीं हुईं तो धरना देंगे। आज मजदूरों की हालत ये हो गई कि सरकारें कहती हैं कि दाल-रोटी खाओ। आज मजदूर क्या महंगाई के चलते दाल खा पा रहा है। मजदूरों को उनकी मेहनत का हक दिलाकर उनको सम्मान दिलाएंगे। रेत माफिया व केबल माफिया से पैसे निकलवाकर मजदूरों को दिलाएंगे।

देखें वीडियो

“प्रभात प्रीत” का नवंबर एडीशन देखने के लिए क्लिक करें

ये भी पढ़ें