Prabhat Times

  • 2,008 गाँवों व वार्डों में विशेष शिविर लगाकर एक सप्ताह के भीतर वितरित किए जाएँगे मुख्य मंत्री सेहत योजना कार्ड
  • आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर कार्ड पहुँचाने पर प्रति कार्ड ₹10 मिलेंगे; पंजाब ने दो सप्ताह में पूर्ण वितरण का लक्ष्य रखा
  • 400 से अधिक लाभार्थियों वाले 2,008 से ज़्यादा स्थानों पर लगेंगे मुख्य मंत्री सेहत योजना कार्ड वितरण शिविर; युनिवर्सल कवरेज के लिए भगवंत मान सरकार की समयबद्ध पहल: डॉ. बलबीर सिंह

चंडीगढ़। पंजाब में मुख्यमंत्री सेहत योजना कार्डों के वितरण में अब तेज़ी आने वाली है, करीब 33 लाख कार्ड जल्द ही ज़िलों में उपलब्ध होने की उम्मीद है। राज्य सरकार सभी पात्र लाभार्थियों को योजना के दायरे में लाने के लिए कार्य कर रही है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि करीब 31 लाख मुख्यमंत्री सेहत योजना कार्ड पहले ही ज़िलों में उपलब्ध हो चुके हैं, जबकि लगभग 2 लाख और कार्ड जल्द उपलब्ध होने की उम्मीद है।

सरकार ने करीब 2,008 गाँवों और वार्डों की पहचान की है, जहाँ 400 या उससे अधिक लाभार्थी कार्ड के लिए पात्र हैं।

इन स्थानों पर विशेष वितरण शिविर लगाए जाएँगे, ताकि कार्ड वितरण की प्रक्रिया में तेज़ी लाई जा सके और लाभार्थियों को अपने क्षेत्र में ही कार्ड प्राप्त करने की सुविधा मिल सके।

लाभार्थियों को शिविरों के बारे में पहले से सूचित किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटरों, सेहत मित्रों और अन्य फील्ड स्टाफ को लाभार्थियों को शिविरों तक लाने तथा अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा मुख्यमंत्री सेहत योजना कार्ड वितरण कार्यक्रम के औपचारिक शुभारंभ के बाद शिविर आधारित वितरण शुरू होगा।

सरकार ने कार्यक्रम शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर इन शिविरों में कार्ड वितरण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जिन गाँवों और वार्डों में 400 से कम लाभार्थी हैं, वहाँ पहले से चल रही घर-घर कार्ड वितरण व्यवस्था जारी रहेगी। शिविरों के बाद भी जो कार्ड वितरित नहीं हो पाएँगे, उन्हें भी आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटरों के माध्यम से लाभार्थियों के घरों तक पहुँचाया जाएगा।

अंतिम स्तर तक कार्ड पहुँचाने को प्रोत्साहित करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को प्रत्येक सफलतापूर्वक वितरित कार्ड के लिए ₹10, जबकि आशा फैसिलिटेटरों को प्रति कार्ड ₹2 दिए जाएँगे।

घर-घर कार्ड वितरण का रिकॉर्ड रखा जाएगा और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा प्रोत्साहन राशि के दावों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शिविर आधारित वितरण अभियान पूरा होने के बाद शेष कार्डों को अगले दो सप्ताह के भीतर घर-घर वितरण व्यवस्था के माध्यम से वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा ज़िलों को कार्ड तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री पहले ही उपलब्ध करवाई जा चुकी है, इसमें कार्ड जैकेट, लिफ़ाफ़े और ब्रोशर भी शामिल हैं।

अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की करीबी निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा और मानक संचालन प्रक्रिया (स्टैण्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर) का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सरकार का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे पंजाब में मुख्यमंत्री सेहत योजना कार्डों का वितरण पूरा करना है, सरकार का विशेष ज़ोर यह सुनिश्चित करने पर है कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

—————————————————————————–

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel