Prabhat Times

अर्बन एस्टेट मार्केट के पास कूड़े को लेकर प्रदर्शन, मेयर विनीत धीर, हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा और विधायक परगट सिंह से मांगा जवाब

जालंधर कैंट। जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सफाई व्यवस्था और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों के खिलाफ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित तनेजा ने आज अर्बन एस्टेट मार्केट के पास प्रदर्शन कर स्थानीय व्यवस्था के प्रति रोष जताया।

अमित तनेजा ने कहा कि जालंधर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने संसाधन उपलब्ध करवाए, लेकिन जालंधर कैंट के कई हिस्सों में आज भी कूड़े के ढेर लगे दिखाई देना स्थानीय व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

तनेजा ने कहा कि जालंधर कैंट में सफाई व्यवस्था की इस स्थिति पर तीन प्रमुख जिम्मेदार लोगों—जालंधर के मेयर विनीत धीर, आम आदमी पार्टी की जालंधर कैंट हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा और स्थानीय विधायक परगट सिंह—को जनता को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा, “नगर निगम की जिम्मेदारी मेयर से जुड़ी है, पंजाब में सरकार आम आदमी पार्टी की है और क्षेत्र का निर्वाचित प्रतिनिधित्व विधायक परगट सिंह करते हैं। इसलिए जनता का सवाल सीधा है—जालंधर कैंट में कूड़े के इन ढेरों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?”

अमित तनेजा ने कहा कि अर्बन एस्टेट जैसे प्रमुख क्षेत्र की मार्केट के पास कूड़े का विशाल ढेर न केवल शहर की छवि खराब कर रहा है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों एवं दुकानदारों के लिए बदबू, मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी पैदा कर रहा है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कूड़े की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो विरोध के अगले चरण में जालंधर कैंट में कूड़े के ढेरों के पास इन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के चित्रों वाले व्यंग्यात्मक बैनर लगाए जाएंगे, जिन पर लिखा होगा—

“जरा मुस्कुराइये, आप जालंधर कैंट में हैं…”

तनेजा ने कहा, “हमारा उद्देश्य व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं है। हमारा उद्देश्य जिम्मेदारी तय करवाना और जालंधर कैंट को साफ करवाना है। जनता टैक्स देती है तो स्वच्छ वातावरण उसका अधिकार है। स्मार्ट सिटी में कूड़े के पहाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते।”

उन्होंने मांग की कि अर्बन एस्टेट मार्केट के पास पड़े कूड़े को तत्काल हटाया जाए तथा पूरे जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठाने और सफाई की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

——————————————————————————————–

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel