Prabhat Times

चंडीगढ़। पंजाब में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार पहली जुलाई से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय होने जा रही हैं।

इसके प्रभाव से कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।

सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्मी का असर बना रहा।

प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में रविवार की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, लेकिन यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक बना हुआ है।

1 जुलाई : पहली जुलाई से प्रदेश में प्री-मानसून सक्रिय होने लगेगा। मौसम विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, संगरूर और पठानकोट सहित पूर्वी और उत्तरी जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा और बरनाला जिलों में फिलहाल किसी चेतावनी की आवश्यकता नहीं बताई गई है।

2 जुलाई : दो जुलाई को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। उत्तर, मध्य और पूर्वी पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी।

अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोहाली, पटियाला और संगरूर में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिमी जिलों फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा और बरनाला में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।

3 जुलाई : प्रदेश के अधिकांश मध्य, उत्तरी और पूर्वी जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना बनी रहेगी। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा उमस के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहली जुलाई से सक्रिय होने वाली प्री-मानसून गतिविधियां आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम को पूरी तरह बदल सकती हैं।

लगातार बादल छाने और रुक-रुककर बारिश होने से अधिकतम तापमान में कमी आएगी। इससे किसानों, आम लोगों और बिजली की बढ़ती मांग पर भी सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है।

सोमवार को प्रमुख जिलों का अधिकतम तापमान

बठिंडा – 44.4 डिग्री सेल्सियस (प्रदेश में सबसे अधिक)

फरीदकोट – 41.0 डिग्री

फाजिल्का – 41.0 डिग्री

फिरोजपुर – 40.7 डिग्री

रूपनगर (आनंदपुर साहिब क्षेत्र) – 40.6 डिग्री

पटियाला – 39.9 डिग्री

मोगा – 39.0 डिग्री

रोपड़ – 38.0 डिग्री

मोहाली – 38.0 डिग्री

लुधियाना – 37.8 डिग्री

अमृतसर – 37.9 डिग्री

गुरदासपुर – 37.5 डिग्री

पठानकोट – 36.9 डिग्री

होशियारपुर – 36.2 डिग्री

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel