Prabhat Times

Jalandhar जालंधर। जिला जालंधर के शाहकोट का रहने वाले युवक पाकिस्तान पहुंच गया है।

युवक पाकिस्तान कैसे पहुंचा, फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं है, लेकिन पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा युवक की हथकड़ी लगी तस्वीर जारी की है।

जालंधर और पाक रेंजर्स द्वारा अपने अपने स्तर पर जांच की जा रही है और जानकारी हासिल की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक जालंधर का रहने वाला युवक अचानक पाकिस्तान पहुंच गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे पकड़ लिया।

इसके बाद पाक रेंजर्स के साथ उसकी हथकड़ी लगी फोटो जारी कर दी। युवक पिछले कई दिन से घर से गायब था।

जिसके बाद पिता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि उसका कोई पता नहीं चल रहा था। पाकिस्तान में युवक से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक कुछ दिन पहले ही कपूरथला जेल से जमानत पर बाहर आया था। उस पर झगड़े के केस में एफआईआर दर्ज हुई थी। पिता ने केंद्र सरकार से बेटे को वापस लाने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक जालंधर के शाहकोट का रहने वाला युवक शरणदीप सिंह कुछ दिन पहले घर से गायब हो गया था।

इसके बाद उसने पाकिस्तानी पंजाब के जिला कसूर में भारत-पाक इंटरनेशनल बॉर्डर क्रॉस कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी फोटो जारी करते हुए बताया कि उसे कसूर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र सहजरा में पकड़ा गया है।

पाकिस्तान रेंजर्स के मुताबिक गश्त के दौरान युवक को अपनी सीमा के अंदर पाया। इसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

शुरुआती पूछताछ के बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने युवक को कानूनी कार्रवाई के लिए गंडा सिंह पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है।

फिलहाल पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस इस बात की जांच कर रही हैं कि युवक ने सीमा क्यों पार की। क्या यह अनजाने में हुए का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

पाकिस्तानी पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। पाकिस्तानी पुलिस का कहना है कि युवक से जासूसी और तस्करी दोनों एंगल पर पूछताछ चल रही है।

शरणदीप के पिता सतनाम सिंह ने बताया कि मेरा बेटा नशे का आदी है। उसने बहुत नशा कर रखा था। कुछ दिन पहले वह युवकों के साथ चला गया। हमने रिश्तेदारी में पड़ताल की, इसका कोई पता नहीं चला। हमें लगा कि नशे का आदी है, पहले भी किसी के घर रह लेता था। जब रिश्तेदारियों और दोस्तों के साथ नहीं मिला तो हमने 8 दिसंबर को शाहकोट पुलिस थाने में शिकायत की।

जिसमें बताया कि बेटा मिल नहीं रहा है। फिर जिस युवक के साथ गया था, उससे बात की। उससे बात की तो 5-6 दिन उसने कुछ नहीं बताया। इसके कुछ दिन बाद उसने बताया कि मैं उसे बॉर्डर पर छोड़कर आया था। ​​​

मलसियां में कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था। उस केस में वह जेल गया था। जिसके बाद वह कपूरथला जेल में बंद रहा। परिवार का कहना है कि युवक धुंध के चलते गलती से सीमा पार कर गया है। परिवार ने उसे वापस लाने की अपील की है।

शाहकोट पुलिस के मुताबिक युवक शरनदीप सिंह पाकिस्तान पहुंचा है। वह कैसे और कहां से सीमा पार करके गया है, इसकी पूरी जानकारी ली जा रही है। उनके पास युवक की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी, इसके बाद पता चला कि वह पाकिस्तान रेंजर्स के कब्जे में है।

——————————————————-

ये भी पढ़ें

——————————————-————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel