Prabhat Times

  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 6879 करोड़ तक का प्रस्ताव; चिकित्सा शिक्षा के लिए 1220 करोड़ का प्रस्ताव
  • राज्य के स्वास्थ्य देखभाल ढांचे को और मजबूत करेंगे नए आम आदमी क्लीनिक और मेडिकल कॉलेज : डॉ. बलबीर सिंह
  • ‘मुख्यमंत्री मांवां धियां सत्कार योजना’ के तहत नकद लाभ देने वाला पहला राज्य बना पंजाब, डॉ. बलबीर सिंह ने महिलाओं को दी बधाई

चंडीगढ़। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को ऐसा ऐतिहासिक दस्तावेज बताया जो हर पंजाबी की स्वास्थ्य एवं तंदुरुस्ती को प्राथमिकता देता है।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में पिछले साल की तुलना में 23 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट अब 6879 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस आवंटन से पूरे राज्य में सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी जाती है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के लिए 2000 करोड़ रुपये की व्यवस्था का प्रस्ताव है, जिससे राज्य के 65 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा।

प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल को और मजबूत एवं बेहतर बनाने के लिए आम आदमी क्लीनिकों के लिए 351 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं।

वर्तमान समय में 881 आम आदमी क्लीनिकों पर 107 आवश्यक दवाइयां और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त प्रदान किए जा रहे हैं और इनमें अब तक लगभग 5 करोड़ ओ.पी.डी. (जिनमें 1.55 करोड़ नए मरीज शामिल हैं) को स्वास्थ्य सुविधाएं दी गई हैं।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मौजूदा वर्ष के दौरान 100 और आम आदमी क्लीनिक खोले जा रहे हैं।

इसके अलावा आने वाले साल में 143 नए आम आदमी क्लीनिक और खोलने का लक्ष्य है, जबकि 308 सहायक स्वास्थ्य केंद्रों को आम आदमी क्लीनिकों में तब्दील किया जाएगा ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य कवरेज का और विस्तार किया जा सके।

इससे भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा पांच सालों में बनाए गए आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 1432 हो जाएगी।

इसके अलावा समय पर आपातकालीन और महत्वपूर्ण देखभाल सेवाएं प्रदान करने के लिए श्री आनंदपुर साहिब में एक आधुनिक ट्रॉमा सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान क्षेत्र के लिए 1220 करोड़ रुपये रखे गए हैं, डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब तेजी से प्रमुख चिकित्सा शिक्षा हब बन रहा है।

उन्होंने विस्तार से बताया कि होशियारपुर, कपूरथला, संगरूर, एस.बी.एस. नगर, लहराघागा, मलेरकोटला और लुधियाना में सात नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे 600 नई एम.बी.बी.एस. सीटें होंगी।

उल्लेखनीय है कि विशेष रूप से मलेरकोटला के लिए नए मेडिकल कॉलेज के लिए 49 करोड़ की लागत से 38.50 एकड़ जमीन खरीदी गई है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने ‘मुख्यमंत्री मांवां धियां सत्कार योजना’ की शुरुआत के लिए पंजाब की महिलाओं को बधाई दी।

उन्होंने इसे दुनिया की पहली यूनिवर्सल कैश ट्रांसफर स्कीम करार दिया, जो सभी वयस्क महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये और अनुसूचित जाति समुदाय की महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये प्रदान करती है।

9300 करोड़ रुपये के बजट व्यय के साथ, यह योजना भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की एक बड़ी गारंटी को पूरा करेगी, जो पूरे राज्य की लगभग 97 प्रतिशत वयस्क महिलाओं के लिए वित्तीय सुरक्षा के साथ-साथ सम्मान भी सुनिश्चित करेगी।

 

———————————————–

ये भी पढ़ें

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel