Prabhat Times

  • “राजनीतिक तौर पर दिवालिया” हुई विपक्षी पार्टी को पंजाब की तरक्की हजम नहीं हो रही: अमन अरोड़ा
  • अरोड़ा ने मान सरकार की उपलब्धियां गिनवा कर विपक्ष के जुमलों का भंडाफोड़ किया

चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस अपनी “राजनीतिक तौर पर दिवालिया” होने की स्थिति छिपाने के लिए ही बहस से भाग रही है।

उन्होंने विपक्षी दल के चुनाव घोषणा पत्र को जुमलों की किताब कहते हुए मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं।

विपक्ष के नेता (एलओपी) और अन्य कांग्रेसियों पर निशाना साधते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “वे खुद को विपक्ष के नेता कहलवाते हैं।

हमने उनकी बात को संयम से सुना लेकिन जब हमने तथ्य पेश किए तो उन्होंने वॉकआउट कर लिया और बिल्कुल इसी तरह उन्होंने 6 मार्च को राज्यपाल के भाषण के दौरान भी किया था।

विपक्ष का नेता अक्सर बिना सुने, बिना पढ़े सदन से वॉकआउट कर जाता है। वे सिर्फ पंजाब के असली मुद्दों से भागना चाहते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया था।”

कांग्रेस पार्टी के 2017 के चुनाव घोषणा पत्र को सदन में दिखाते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कांग्रेसियों को चुनौती दी कि वे इसमें से अपने पांच साल के कार्यकाल में पूरे किए गए किसी वादे के बारे में बताएं।

उन्होंने कांग्रेस की ‘घर-घर रोजगार’ योजना और हर बेरोजगार युवा को 2,500 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने के वादे को याद करवाया।

उन्होंने कहा कि पांच सालों में यह भत्ता प्रति व्यक्ति 1.5 लाख रुपये बन गया था। क्या आप मुझे पंजाब में एक भी ऐसा युवा दिखा सकते हैं जिसे आपने यह भत्ता दिया हो?

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली सरकार ने चार साल के कार्यकाल में युवाओं को 63,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य देखभाल के बारे में बात करते हुए, कांग्रेस को मोहल्ला क्लिनिक स्थापित करने के अपने वादे की याद दिलाई।

उन्होंने कहा, “आपने श्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल की नकल की और हर 1,000 लोगों के लिए एक क्लिनिक का वादा किया लेकिन आप एक भी नहीं बना सके।

इसके उलट, हमारी सरकार ने ऐसे 881 क्लिनिक स्थापित किए हैं और 240 और स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।”

खेलों के बुनियादी ढांचे के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार खेलों के क्षेत्र में पूरी तरह असफल रही।

उन्होंने कहा, “आपने हर गांव में एक खेल कॉम्प्लेक्स का वादा किया था लेकिन आपने कोई नहीं बनाया।

हमारी सरकार द्वारा 3,100 खेल मैदान बनाए गए हैं और इस बजट में 6,000 और खेल मैदान बनाने की योजना बनायी गई है।”

अमन अरोड़ा ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जिसमें हर घर को प्रतिमाह 300 यूनिट मुफ्त बिजली की व्यवस्था, किसानों के लिए सस्ती बिजली सुनिश्चित करने के लिए जीवीके पावर प्लांट खरीदना और हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण तथा शिक्षा क्रांति शामिल है।

सूबे में 1.5 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस निवेश से पांच लाख नौकरियां पैदा होंगी।

मंत्री ने कहा, “एक नया पंजाब सृजित किया जा रहा है जिसका श्रेय नशों और अपराध के खिलाफ लड़ाई संबंधी मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली सरकार के प्रयासों को जाता है।

यही असली विकास है जिसके बारे में राज्यपाल बात करना चाहते थे। लेकिन कांग्रेस पंजाब की तरक्की को हजम नहीं कर सकती।

यह स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी मानसिक, राजनीतिक और सामाजिक तौर पर दिवालिया हो चुकी है। उनका असली चेहरा अब पंजाब के लोगों के सामने बेनकाब हो गया है।”

कांग्रेसी नेताओं पर फिर निशाना साधते हुए श्री अरोड़ा ने उन्हें उनकी पार्टी के नेता राहुल गांधी के हाथों हुए कथित अपमान की याद दिलाई।

उन्होंने कहा कि आपको पार्टी से निकालने की धमकी दी गई, फिर भी आप सिर झुकाकर बैठे रहे। आपको उसी दिन इस्तीफा दे देना चाहिए था।

———————————————–

ये भी पढ़ें

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel