बटाला (गौरव सेठ): गुरदासपुर जिले में विजिलेंस विभाग की टीम ने शुक्रवार को तीन अलग-अलग जगह दबिश देकर तीन नगर कौंसिलों के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। मामला बटाला नगर कौंसिल में बरसों पुराने हुए घपले से जुड़ा है। इसी को लेकर आज अमृतसर से आई विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की है। हालांकि फिलहाल विजिलेंस अधिकारियों ने कुछ भी बताने से मना कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार 2017 में बटाला नगर कौंसिल के तत्कालीन उपाध्यक्ष हरिंदर कलसी ने अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।

इस संबंध में कलसी ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि लगभग 3 साल पुरानी उनकी शिकायत पर विजिलेंस ने आज कार्रवाई की है।

टीम की तरफ से हिरासत में लिए गए अकाउंटैंट गुरलाल सिंह, सेनेटरी इंस्पैक्टर हरपाल स्टैनो स्वीटा, ड्राईवर अनिल, ठेकेदार दीपक को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी अधिकारी उस समय बटाला नगर कौंसिल में कार्यरत थे।

विजीलैंस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी नाजमद हैं। विजीलैंस अधिकारी मामले की जांच कर रही है।

इस बारे में रेड करने पहुंचे विजिलेंस अधिकारियों ने हालांकि कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। वहीं दूसरी ओर बटाला नगर निगम के सुपरिंटेंडेंट ने कहा कि आज उनके पास विजिलेंस विभाग के अफसर आए थे।

उन्होंने कुछ अधिकारियों के बारे में जानकारी मांगी और साथ ही उनकी सीनियर स्टैनोग्राफर सविता को भी अपने साथ लेकर चले गए। पता चला है उन दोनों अफसरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

बड़े मगरमच्छों पर रहम!

सूत्रों ने बताया कि इस कार्रवाई में इस मामले से जुड़े कई बड़े मगरमच्छो को फिलहाल रहम किया गया है।

बताया जा रहा है कि अगर इस मामले में और गहराई व निष्पक्षता से जांच की जाए तो कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।