Prabhat Times

जालंधर। हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर की मेधावी छात्राओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।

महाविद्यालय की एम.कॉम. की छात्रा जसप्रीत कौर ने नेपाल डांस स्पोर्ट्स काउंसिल द्वारा आयोजित 8वें इंडो-नेपाल स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2026 में क्लासिकल सोलो डांस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा स्वर्ण पदक अपने नाम कर महाविद्यालय के गौरव में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।

यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता काठमांडू (नेपाल) में आयोजित की गई, जिसमें भारत एवं नेपाल के प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जसप्रीत कौर को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण तथा भारतीय शास्त्रीय नृत्य के प्रति उनकी गहरी निष्ठा का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि हंसराज महिला महाविद्यालय सदैव छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति, कला और व्यक्तित्व विकास के विविध क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।

यही कारण है कि एचएमवी की छात्राएँ निरंतर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।

प्राचार्या ने आगे कहा कि जसप्रीत की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है तथा यह अन्य छात्राओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी एचएमवी की छात्राएँ अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश-विदेश में संस्थान का नाम इसी प्रकार रोशन करती रहेंगी।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर लोकल एडवाइजरी कमेटी के वरिष्ठ सदस्य श्री इंदरजीत तलवाड़, डॉ. नवरूप एडवाइजर यूथ वेलफेयर कमेटी, वाणिज्य एवं प्रबंधन स्नातकोत्तर विभाग की अध्यक्ष श्रीमती मीनू कोहली तथा श्रीमती सविता महेंदरू ने भी जसप्रीत कौर को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी।

उन्होंने छात्रा के समर्पण, प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि यह उपलब्धि सम्पूर्ण एचएमवी परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

—————————————————————————-

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel