Prabhat Times

  • भोला नाथ सिंह, आर.पी. सिंह और नितिन कोहली सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की तैयारियों पर किया विचार-विमर्श

जालंधर। पंजाब में होने वाली प्रतिष्ठित पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की तैयारियों को लेकर आज हॉकी इंडिया और हॉकी पंजाब के वरिष्ठ पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई।

बैठक में पंजाब में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए विभिन्न तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हॉकी इंडिया के सचिव जनरल भोला नाथ सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.पी. सिंह और हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान प्रतियोगिता से संबंधित तैयारियों, आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों और टीमों के लिए सुविधाओं तथा दर्शकों के लिए किए जाने वाले प्रबंधों पर विचार-विमर्श किया गया।

पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में किया जाएगा।

जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को फाइनल मुकाबला मोहाली में आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान की टीमें हिस्सा लेंगी। जालंधर में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर भी हॉकी प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

बैठक के दौरान जालंधर में होने वाले मुकाबलों को लेकर स्टेडियम की तैयारियों, खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए सुविधाओं, दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई।

हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली ने कहा कि जालंधर का हॉकी के साथ ऐतिहासिक और भावनात्मक रिश्ता है।

ऐसे में यहां एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के मुकाबलों का आयोजन पूरे शहर और पंजाब के हॉकी प्रेमियों के लिए गौरव का अवसर है।

उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया, हॉकी पंजाब और पंजाब सरकार के सहयोग से प्रतियोगिता की तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

इस आयोजन से पंजाब के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी देखने और दुनिया की शीर्ष एशियाई टीमों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

नितिन कोहली ने कहा कि जालंधर की हॉकी विरासत को देखते हुए यहां होने वाले मुकाबले इस प्रतियोगिता को विशेष पहचान देंगे और पंजाब में हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि को और बढ़ावा देंगे।

—————————————————————————–

————————————–

Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

Join Whatsapp Link for Latest News

प्रभात टाइम्स व्हाटसएप्प चैनल जॉइन करें।

Join Prabhat Times Whatsapp Channel